एनएसटी न्यूज, भोपाल। ग्वालियर में पहली पैरा गोलबॉल नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से 17 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें 10 बालक और 7 बालिका टीम शामिल थीं। बालिका वर्ग में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। लीग मैचों में एमपी की टीम ने लगातार जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में पॉन्डिचेरी को आठ गोल से, दूसरे में गुजरात को तीन गोल से और तीसरे में आंध्रप्रदेश को चार गोल से हराया। सेमीफाइनल में टीम ने तेलंगाना को आठ गोल से मात दी और फाइनल में गुजरात को छह गोल से हराकर चैम्पियन बनी।
टीम की कप्तान खुशी को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। विजेता टीम में खुशी के साथ अंजलि, सिमरन, पायल, सलोनी और चयना शामिल रहीं। टीम के कोच यशपाल सिंह, मैनेजर फरदीन खान और स्काउट मुस्कान चावड़ा थे। प्रतियोगिता में आइबीएसए के महासचिव ए. डेविड, एग्जीक्यूटिव मेंबर ऋषिकांत शर्मा, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी रामकरण सिंह, आत्मज्योति संस्था की शीला मोदी और सीडीएस की असिस्टेंट डायरेक्टर पल्लवी राय भी मौजूद रहीं।
मध्यप्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मोहम्मद शाहिद ने टीम की जीत पर खुशी जताई। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के वर्किंग प्रेसिडेंट विवेक परिहार और टेक्निकल डायरेक्टर कपिल यादव ने टीम को बधाई दी। ब्लाइंड स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर फरदीन खान ने कहा कि यदि शासन से और सहयोग मिले तो इस क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।


