गुवाहाटी। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नैट सीवर-ब्रंट का मानना है कि भारत में खेले गए वीमेन प्रीमियर लीग (WPL) का अनुभव वनडे वर्ल्ड कप में उनकी टीम के लिए निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की टीम में आठ ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने WPL में हिस्सा लिया था, और इस अनुभव से टीम को भारतीय परिस्थितियों में तेज़ी से ढलने में मदद मिलेगी। सीवर-ब्रंट खुद WPL 2024 की सबसे सफल खिलाड़ियों में रहीं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 523 रन और 12 विकेट लिए थे, टीम को ट्रॉफी जिताई थी और प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट भी बनी थीं।
कप्तान सीवर-ब्रंट ने कहा कि हालांकि वर्ल्ड कप के मैच उन्हीं मैदानों पर नहीं खेले जा रहे जहां WPL हुआ था, लेकिन भारतीय माहौल और पिचों का अनुभव बहुत काम आएगा। उन्होंने कहा, “हम जहां भी खेलेंगे, वहां की परिस्थितियां अलग होंगी। WPL ने हमें भारत की गर्मी, पिच की प्रकृति और दर्शकों के शोर के बीच खेलना सिखाया है। जो खिलाड़ी यहां पहले नहीं खेले हैं, उनके साथ ये अनुभव साझा करना ज़रूरी है ताकि वे तेज़ी से अनुकूलन कर सकें।” इंग्लैंड की टीम ने वर्ल्ड कप से पहले अबू धाबी में दो हफ्ते का कैंप भी किया था, जहां खिलाड़ियों ने गर्म और उमस भरे मौसम में अभ्यास कर खुद को शारीरिक रूप से तैयार किया।
सीवर-ब्रंट ने कहा कि इस बार का महिला वनडे वर्ल्ड कप बेहद प्रतिस्पर्धी होगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती मैच देखने के बाद उन्होंने कहा, “अब महिला क्रिकेट उस स्तर पर पहुंच गया है जहां कई टीमें किसी भी दिन जीत सकती हैं। टूर्नामेंट में वही टीमें सफल होंगी जो दबाव को बेहतर झेलेंगी।” इंग्लैंड ने पिछली वनडे सीरीज़ में भारत से हार का सामना किया था, लेकिन कप्तान का मानना है कि टीम अब पहले से ज़्यादा संतुलित और तैयार है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य सिर्फ यही है कि खिलाड़ी हर परिस्थिति के लिए खुद को ढालें और मिलकर बेहतर प्रदर्शन करें।


