नई दिल्ली: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्टेडियम में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला, जिसने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार रात को एक आवारा कुत्ता स्टेडियम के अंदर घुस आया और उसने केन्या और जापान के कोच पर हमला कर उन्हें काट लिया। इसके थोड़ी ही देर बाद उसी कुत्ते ने एक सिक्योरिटी गार्ड को भी अपना शिकार बना लिया। महज आधे घंटे के भीतर तीन लोगों को घायल कर देने की इस घटना से हड़कंप मच गया। घायलों को तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया और फिर उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई।
दो विदेशी कोचों पर कुत्तों का हमला, स्टेडियम में हड़कंप
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पूरे मामले पर केन्या टीम की डॉक्टर माइकल ओकारो ने कहा कि, कुत्तों के काटने के मामले बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने बताया कि, ‘केन्या के स्पिरिट कोच डेनिस मवांजो और जापान की असिस्टेंट कोच मीको ओकुमातसु को शुक्रवार की सुबह कुत्ते ने काटा था। सुबह तकरीबन 9.30 बजे यह मामला सामने आया। इसके बाद डेनिस को सफदरजंग ले जाया गया और रेबीज की वैक्सीन दी गई। विश्व चैंपियनशिप जैसे अंतर्राष्ट्रीय इवेंट में ऐसा होना चिंता का विषय है। हमें अभी डेनिस की इस वक्त चिंता है।’
जानकारी के मुताबिक कुछ ही मिनटों के अंदर जापान की कोच को काटने का भी मामला सामने आ गया। आयोजक समिति ने इस मामले में लोगों को जिम्मेदार ठहराया जो स्ट्रीट डॉग्स को खिलाते-पिलाते हैं। वहीं आयोजक समिति के व्हाट्सऐप ग्रुप पर आई जानकारी के मुताबिक ग्रुप पर मैसेज आया कि, ’30 मिनट के अंदर तीन डॉग बाइट, जापान, केन्या कोच और सिक्योरिटी गार्ड। कृपया कुत्तों को बाहर निकाला जाए।’
आयोजक समित के अनुसार पहला मामला केन्या के डेनिस का आया जिनके बाएं पैर में कुत्ते ने काटा। यह तकरीबन सुबह 9.18 मिनट की बात थी। उसके बाद 9.42 मिनट के करीब जापान की मवांजो के दाहिने पैर में कुत्ते ने काटा। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड पर भी हमला हुआ था।
आवारा कुत्तों के मामले पर MCD ने लिया सख्त एक्शन
शुक्रवार को आवारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आने के बाद दिल्ली एमसीडी ने तुरंत कार्रवाई की है। एमसीडी ने दो विशेष टीमों का गठन किया है जो स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने का काम करेंगी। इन टीमों को तत्काल प्रभाव से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के अंदर तैनात कर दिया गया है। साथ ही, आवारा कुत्तों को भगाने और उन्हें शेल्टर होम तक पहुंचाने के लिए वाहन भी स्टैंडबाय रखा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और खिलाड़ियों तथा अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।


