नई दिल्ली: वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी कर रही है, जहां उसे व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलना है। इस बहुप्रतीक्षित दौरे में तीन वनडे मुकाबले शामिल हैं, जिन्हें लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। खास बात यह है कि इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे फॉर्मेट में वापसी होगी। भारत ने आखिरी बार वनडे मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेला था, और तब से टीम ने कोई वनडे नहीं खेला है। अब जब रोहित और विराट टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, तो वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट में नज़र आएंगे। ऐसे में ‘रोको’ (रोहित-कोहली) की जोड़ी को फिर से खेलते देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित हैं। इस बीच, शुक्रवार शाम से इस सीरीज के लिए टीम चयन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं और उम्मीद है कि शनिवार, 4 अक्टूबर को बीसीसीआई इस दौरे के लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान कर सकती है।
रोहित शर्मा की कप्तानी पर मंथन, ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उठे सवाल
भारतीय टीम 19, 23 और 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे मैच खेलेगी। टी20 व टेस्ट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा वनडे टीम की कप्तानी करेंगे या नहीं इस पर कई दिनों से अटकलें लग रही थीं। मगर रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित शर्मा अभी वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे। मगर शनिवार को उनसे उनके भविष्य को लेकर चर्चा की जाएगी। फिलहाल रोहित की उम्र करीब 38 साल है मगर उनकी फिटनेस पर कोई संदेह नहीं कर सकता है। वह हाल ही में यो यो टेस्ट पास कर चुके हैं। वहीं रोहित के हिसाब से सोचें तो उन्होंने कई मौकों पर साफ किया है वह 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और 2023 की हार के गम को भुलाना चाहते हैं।
सूर्यकुमार यादव की होगी वापसी?
सबसे बड़ा अपडेट जो भारतीय स्क्वाड से जुड़ा सामने आया है वो है सूर्यकुमार यादव के नाम पर चर्चा। आपको बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 की टीम में सूर्यकुमार यादव शामिल थे। वहीं जब हार्दिक पंड्या चोटिल हुए थे तो उनको प्लेइंग 11 में जगह भी मिली थी। लेकिन वनडे क्रिकेट में अभी तक सूर्या का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने 37 मैच खेलते हुए 35 पारियों में महज 25 की औसत से सिर्फ 773 रन बनाए हैं। लेकिन हार्दिक पंड्या फिर से चोटिल हैं तो एक बार फिर उनकी चोट सूर्या के लिए वनडे टीम में जगह बना सकती है। क्योंकि ऋषभ पंत भी इंग्लैंड दौरे पर हुए पैर के अंगूठे के फ्रैक्चर के कारण बाहर हैं। ऐसे में मध्यक्रम में बल्लेबाजी के विकल्प कम हैं।
हालांकि अगर सूर्यकुमार यादव का चयन इस वनडे सीरीज के लिए होता है तो यह कुछ हद तक चौंकाने वाला फैसला होगा, क्योंकि हाल के वनडे प्रदर्शन में वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। वहीं, संजू सैमसन को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किए जाने की चर्चा है। केएल राहुल मुख्य विकेटकीपर के रूप में वनडे टीम का हिस्सा बने रहेंगे, जैसा कि उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड कप 2023 में भी निभाया था। दूसरी ओर, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। अगर उन्हें इस दौरे के लिए नहीं चुना जाता, तो यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के अंतिम चरण की ओर इशारा हो सकता है। अब सबकी नजरें चयनकर्ताओं पर टिकी हैं कि वे किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं और कौन-कौन भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के स्क्वाड का हिस्सा बनते हैं।
भारत का संभावित वनडे स्क्वाड
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, संजू सैमसन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा।


