नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम के वनडे और टी20 स्क्वाड का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। लेकिन टीम चयन से पहले ही एक बड़ी खबर सामने आई है, जिससे फैंस में हलचल मच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वनडे टीम की कमान भी अब टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को सौंपी जा सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे टीम का हिस्सा तो जरूर होंगे, लेकिन कप्तानी की जिम्मेदारी इस बार गिल के कंधों पर दी जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह भारतीय वनडे क्रिकेट में एक नई नेतृत्व की शुरुआत मानी जा सकती है।
यह खबर तब और पुख्ता हो जाती है जब यह जानकारी मिली की रोहित को टीम मीटिंग में भी नहीं बुलाया गया है। जबकि हेड कोच गौतम गंभीर और शुभमन गिल इस मीटिंग का हिस्सा थे। गिल को कप्तान बनाने के पीच सोच साफ है कि अब टीम इंडिया को 2027 वर्ल्ड कप के लिहाज से तैयार किया जा रहा है। उनको टीम मीटिंग में शामिल करते हुए निश्चित ही इस बात की जानकारी दी गई होगी।
रोहित और विराट खेलेंगे खिलाड़ी की भूमिका में
कप्तान के तौर पर रोहित की जगह शुभमन गिल लेंगे। लेकिन वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को शामिल किया जाएगा। यह दोनों दिग्गज खिलाड़ी बतौर प्लेयर ही शुभमन गिल की कप्तानी में खेलने उतर सकते हैं। वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक यह दोनों खेल पाते हैं या नहीं यह दोनों खिलाड़ियों की वापसी के बाद उनके फॉर्म पर निर्भर करेगा।
शुभमन गिल का कप्तान के रूप में शानदार शुरुआत
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें इंग्लैंड दौरे पर टीम की कमान सौंपी गई थी, जहां भारत ने 2-2 की बराबरी से सीरीज ड्रॉ करवाई थी। इसके बाद भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भारत ने बड़ी जीत दर्ज की, जब उसने पारी और 140 रनों से मुकाबला अपने नाम किया। कप्तानी में शुभमन गिल ने कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में भारत को जीत मिली, एक मैच ड्रॉ हुआ और दो मैच भारत हार गया। कप्तान के रूप में गिल ने बल्लेबाजी में भी जबरदस्त योगदान दिया है और 6 टेस्ट मैचों में कुल 804 रन बनाए हैं, जो उनकी कप्तानी क्षमता और बल्लेबाजी फॉर्म दोनों का परिचय है।
19 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज
भारतीय टीम 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत करेगी। इस सीरीज का दूसरा मैच 23 अक्टूबर को और तीसरा मैच 25 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी। टी20 टीम की कप्तानी निश्चित रूप से सूर्यकुमार यादव संभालेंगे। हालांकि, हार्दिक पंड्या की चोट के कारण उनकी उपलब्धता पर संशय बना हुआ है और उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।


