नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन जोरशोर से चल रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर शानदार जीत के साथ आगाज किया, वहीं पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ बेहद निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए हार का सामना कर चुकी है। अब सभी की निगाहें रविवार, 5 अक्टूबर को कोलंबो में होने वाले भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं। यह मुकाबला खास इसलिए भी है क्योंकि महिला वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में यह केवल दूसरा मौका होगा जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले आखिरी बार ये टकराव 2005 के वर्ल्ड कप में हुआ था, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी।
वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रहा है भारत, बरकरार रहेगा दबदबा?
वहीं वनडे क्रिकेट में भारतीय महिला टीम पाकिस्तान के खिलाफ कभी नहीं हारी है। दोनों टीमें कुल 11 बार वनडे मुकाबले में भिड़ी हैं। सभी 11 मैच भारतीय महिला टीम ने अपने नाम किए हैं। आखिरी बार दोनों टीमें 2022 में वनडे मैच खेलने के लिए आमने-सामने थीं। उस मैच में भारत ने पड़ोसी देश को 107 रनों से हराकर करारी शिकस्त दी थी। वहीं वर्ल्ड कप की बात करें तो भारतीय टीम ने 2005 में एकमात्र विश्व कप मुकाबला पाकिस्तान से खेला है। कराची में हुए उस मुकाबले में भारत ने 193 रनों से बेहतरीन जीत दर्ज की थी। अब विश्व कप में दूसरी बार और ओवरऑल वनडे में 12वीं बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।
भारतीय टीम की बात करें तो टीम इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में है। हालांकि, पहले मैच में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला नहीं चला था। मगर वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया जैसे खतरनाक टीम को भारत ने नाकों चने चबवा दिए थे। स्मृति ने बैक टू बैक दो ताबड़तोड़ ऐतिहासिक शतकीय पारियां खेली थीं। जबकि पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के हाथों शर्मनाक हार झेलकर आई थी। पाकिस्तान की टीम पहले मुकाबले में महज 129 रन पर ही ढेर हो गई थी। ऐसे में भारतीय टीम का पलड़ा इस मुकाबले में बिल्कुल भारी रहने के आसार हैं।
दोनों टीमों के स्क्वाड
भारत: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, उमा छेत्री, श्री चरणी।
पाकिस्तान: मुनीबा अली, ओमैमा सोहैल, सिद्रा अमीन, सिद्रा नवाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), अइमन फातिमा, रमीन शमीम, शवाल जुल्फीकार, सइदा अरूब शाह, डाइना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल, आलिया रियाज, सदफ शमस।


