नई दिल्ली: भारतीय टीम के लिए खुशखबरी है कि इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हुए ऋषभ पंत जल्द ही फिट होकर वापसी कर सकते हैं। पंत 14 नवंबर से शुरू हो रही साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले मैदान पर लौट सकते हैं। इसके अलावा, वह 25 अक्टूबर से शुरू हो रहे 2025-26 रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं। भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पिछले महीने दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषणा के दौरान ही संकेत दिए थे कि पंत साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में हिस्सा ले सकते हैं।
जुलाई के अंत में इंग्लैंड दौरे पर ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में पंत के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार है कि वह रिहैब के अंतिम चरण में हैं और इस सप्ताह के अंत में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। तीन हफ्ते से भी ज्यादा समय पहले उनके पैर की प्लास्टर हटा दी गई थी और अब वह बिना किसी परेशानी के चल-फिर रहे हैं। उन्होंने फिर से बल्लेबाजी भी शुरू कर दी है।
पंत के पहले राउंड में खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई
अगर पंत को मंजूरी मिल जाती है, तो उन्हें दिल्ली टीम से जुड़ने की उम्मीद है, जो 15 अक्टूबर को हैदराबाद के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के पहले दौर का मैच खेलेगी। हालांकि, डीडीसीए को पंत के पहले राउंड में खेलने को लेकर कुछ संदेह है। भारत-इंग्लैंड के चौथे टेस्ट मैच में क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप करते हुए चोटिल होने के कारण पंत मैदान से बाहर हो गए थे। उन्हें चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा और स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। हालांकि, अगले दिन वे बल्लेबाजी के लिए लौटे लेकिन विकेटकीपिंग नहीं कर सके। पंत ने चार टेस्ट मैचों में कुल 479 रन बनाए हैं, जिनमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
ध्रुव जुरेल और एन जगदीशन बने विकेटकीपर
पंत की अनुपस्थिति में, भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए ध्रुव जुरेल और एन जगदीशन को विकेटकीपर के रूप में चुना है। पंत को 19 अक्टूबर से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली, क्योंकि उन्हें कोचिंग स्टाफ और मेडिकल टीम की ओर से “रिटर्न टू प्ले” सर्टिफिकेट नहीं मिला है। उम्मीद है कि पंत अपनी फिटनेस के अनुसार दिल्ली की टीम की कप्तानी करते रहेंगे। फिलहाल, टीम का नेतृत्व लखनऊ सुपर जायंट्स में उनके आईपीएल साथी आयुष बदोनी संभालेंगे।


