विराट-रोहित की फॉर्म और फिटनेस पर सवाल, अजीत अगरकर से पूर्व चयनकर्ता ने मांगा जवाब

0

नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान और चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा के चयन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति से पूछा है कि जब दोनों खिलाड़ी लंबे समय से वनडे नहीं खेले हैं और टेस्ट व टी20 से संन्यास ले चुके हैं, तो उनकी फॉर्म और फिटनेस का आकलन किस आधार पर किया गया। वेंगसरकर का मानना है कि ऐसे हालात में दोनों सीनियर खिलाड़ियों का चयन करना चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वेंगसरकर ने मिड-डे से कहा, ” वे टेस्ट मैच और टी20 क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। सिर्फ एक ही फॉर्मेट वनडे खेल रहे हैं, जो सीजन में अक्सर नहीं खेला जाता, इसलिए उनकी फॉर्म और फिटनेस का अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल है। चूंकि उन्हें चुना गया है, इसलिए हो सकता है कि चयनकर्ताओं ने इसे परख लिया हो। हालांकि, मुझे नहीं पता कि यह कैसे हुआ?”

रोहित और विराट के भविष्य पर चयनकर्ताओं को लेना होगा स्पष्ट फैसला

दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अब रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर कोई ठोस फैसला लेना चयनकर्ताओं की जिम्मेदारी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “रोहित और विराट पिछले कुछ वर्षों में शानदार खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन जब आप खेल के सिर्फ एक ही फॉर्मेट में हिस्सा ले रहे हों, तो चयनकर्ताओं को इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।” वेंगसरकर ने यह भी जोड़ा कि जब खिलाड़ी लंबे समय से मैदान से दूर हैं, तो उनकी फॉर्म और फिटनेस का सही आकलन करना बेहद मुश्किल हो जाता है।

शानदार रिकॉर्ड के दम पर रोहित और विराट को मिला टीम में स्थान

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वेंगसरकर ने कहा, “रोहित और विराट को संभवतः उनके शानदार रिकॉर्ड के कारण चुना गया है। वे बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए अभूतपूर्व योगदान दिया है, खेल के सभी प्रारूपों में काफी मैच जिताए हैं। लेकिन यह चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है कि वे रोहित और विराट को ही टीम में बनाए रखना चाहते हैं या आगे की ओर देखते हुए उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं, जो खेल के सभी प्रारूपों के लिए उपलब्ध हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि वे आगे चलकर भारतीय क्रिकेट को किस नजरिए से देखते हैं।”

कप्तानी के लिए शुभमन गिल साबित हो रहे हैं उपयुक्त विकल्प

दिलीप वेंगसरकर ने शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प बताया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “गिल वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में कप्तानी के लिए आदर्श हैं, क्योंकि वह टी20 में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।” गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने के बाद चयनकर्ताओं ने गिल पर भरोसा जताते हुए उन्हें वनडे टीम की कप्तानी भी सौंप दी है। इसके अलावा वह भारत की टी20 टीम के उपकप्तान की भूमिका भी निभा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here