ब्रिसब्रेन. भारत अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में चार दिवसीय टेस्ट सीरीज़ में 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैके में खेले गए दूसरे मुकाबले में भारतीय गेंदबाज़ों और स्पिनरों दोनों ने मिलकर मेज़बान टीम को पूरी तरह पस्त कर दिया। मैच सिर्फ दो दिनों में ही खत्म हो गया। पहले मैच की तरह दूसरे मैच में भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ी बिखर गई और टीम 135 और 116 के मामूली स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारत को जीत के लिए 81 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने मात्र 12.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हेनिल, नमन और उधव की शानदार गेंदबाज़ी
भारतीय गेंदबाज़ों ने इस मैच में कमाल कर दिया। हेनिल पटेल ने दोनों पारियों में तीन-तीन विकेट झटके, जबकि नमन पुष्पक और उधव मोहन ने भी अहम योगदान दिया। पहली पारी में हेनिल और खिलान ने तीन-तीन विकेट लिए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ शुरुआत से ही दबाव में दिखे और सात ओवरों में तीन विकेट गंवा दिए। जयडेन ड्रेपर और एलेक्स ली यंग के बीच 32 रन की साझेदारी ही एकमात्र सकारात्मक झलक रही, लेकिन यह भी ज़्यादा देर तक नहीं चली। पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 40 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ फिर हुए नाकाम
एलेक्स ली यंग ने मैच में सबसे ज़्यादा 66 रन बनाए और पहली पारी में एकमात्र अर्धशतक जड़ा, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ उनका साथ नहीं दे सके। दूसरी पारी में भी वही कहानी दोहराई गई। भारत के गेंदबाज़ों ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम दोनों पारियों में संघर्ष करती रही। भारत को पहली पारी में 36 रन की बढ़त मिली, जो मैच के नतीजे में निर्णायक साबित हुई।
वेदांत और राहुल ने दिलाई आसान जीत
81 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे भी 13 रन बनाकर लौट गए। लेकिन इसके बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने मिलकर 49 रन की साझेदारी कर मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। मल्होत्रा 21 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेदांत त्रिवेदी ने 33 गेंदों में नाबाद 33 रन ठोके और राहुल कुमार (13 नाबाद) के साथ टीम को सिर्फ 12.2 ओवर में जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने न केवल चार दिवसीय सीरीज़ 2-0 से जीती बल्कि इससे पहले वनडे सीरीज़ भी 3-0 से अपने नाम की थी।


