एनएसटी न्यूज, भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित श्री रामप्रकाश स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में छोटे खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में आरव सोनी, अद्वैत दीक्षित और अन्वी गुप्ता ने दो-दो खिताब अपने नाम किए। वहीं सबसे छोटे वर्ग अंडर-9 में रेवांश शर्मा और प्रणवी मित्तल विजेता बने। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। बॉयज सिंगल्स अंडर-11 में आरव सोनी ने अभिनव आर्य को 21-9, 21-8 से हराया, जबकि बॉयज डबल्स अंडर-15 में अद्वैत दीक्षित और अंशुल तिवारी ने कयान-पृथ्वीराज को 21-18, 19-21, 21-10 से मात दी। गर्ल्स सिंगल्स अंडर-13 में अन्वी गुप्ता ने भूमि कौशिक को और अंडर-15 में फिर भूमि को हराकर दोहरा खिताब जीता। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी आरव सोनी (बॉयज) और अन्वी गुप्ता (गर्ल्स) चुने गए। रेवांश शर्मा और प्रणवी मित्तल को उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार मिला, जबकि कियाना सिंह को सबसे कम उम्र की खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया। विशेष पुरस्कार पुनीत सतानी, सुखबीर सिंह और विकास सिंह को दिए गए।
प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह में एडिशनल कलेक्टर आशीष पांडे, सोम ग्रुप के एमडी अजय अरोरा, बीडीबीए अध्यक्ष बीके शिकारी, सचिव जय सिंह, विक्रम अवार्डी विवेक तत्ववादी, वर्ल्ड सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट पूनम तत्ववादी, जिया के सचिव योगेश गोयल और राजबीर प्रकाश मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत विकास प्रकाश, डी. जॉर्ज, आशीष अर्गल और उमाशंकर ने किया, जबकि स्वागत उद्गार रोहन प्रकाश ने व्यक्त किए। मुख्य अतिथि आशीष पांडे ने बच्चों को मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए भी जरूरी हैं।


