नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने हाल ही में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था, ताकि वह टेस्ट और वनडे फॉर्मेट पर ज्यादा ध्यान दे सकें। हालांकि, इंटरनेशनल टी20 से रिटायरमेंट के बाद अब वह एक बार फिर टी20 क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं, लेकिन इस बार घरेलू मंच पर। स्टार्क ने बिग बैश लीग (BBL) में खेलने का फैसला किया है और एशेज 2025 के बाद वह अपनी टीम सिडनी सिक्सर्स के साथ जुड़ेंगे। सिक्सर्स ने उन्हें आगामी सीजन के लिए साइन किया है, जिससे वह 11 साल बाद इस लीग में दोबारा नजर आएंगे।
गौरतलब है कि स्टार्क बीबीएल में आखिरी बार 2014 में खेले थे और तब भी वह सिडनी सिक्सर्स का ही हिस्सा थे। बीबीएल 2025-26 की शुरुआत 14 दिसंबर से होगी और यह टूर्नामेंट 25 जनवरी तक खेला जाएगा। जबकि एशेज का अंत 8 जनवरी को होना है। यानी बीबीएल 2025-26 के दूसरे चरण में स्टार्क अपनी टीम के साथ जुड़ सकते हैं। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने इस लीग के दूसरे चरण में खुद को मौजूद बताया है अगर वह फिट रहे।
इससे पहले भी मिचेल स्टार्क को पिछले दो सीजन में सिडनी सिक्सर्स ने सप्लीमेंटरी प्लेयर के रूप में साइन किया था, लेकिन वह लीग में खेल नहीं पाए थे। अब जब उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है, तो उम्मीद की जा रही है कि वह इस बार बीबीएल के दूसरे हाफ में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। खुद स्टार्क ने भी इस लीग में वापसी को लेकर उत्सुकता जताई है। उन्होंने कहा, “मैं सिक्सर्स के लिए खेलने का अब और इंतजार नहीं कर सकता। पिछले एक दशक से मैं इस टीम के काफी करीब रहा हूं और इस समर में वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हूं। बीबीएल 1 और चैंपियंस लीग में इस टीम की सफलता की यादें आज भी मेरे जेहन में ताजा हैं। मेरा लक्ष्य इस बार एक और ट्रॉफी टीम के साथ जीतना है।”
सिडनी सिक्सर्स के लिए पहले भी दिखा चुके हैं कमाल, अब फिर मचाएंगे धमाल
मिचेल स्टार्क ने आखिरी बार बीबीएल में 2014 के सीजन में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैचों में 20 विकेट चटकाए थे। इससे पहले वह बीबीएल के उद्घाटन सीजन में भी इस टीम का हिस्सा थे और 6 मुकाबलों में टीम के लिए खेले थे। खास बात यह है कि जब सिडनी सिक्सर्स ने पर्थ स्कॉर्चर्स को हराकर बीबीएल इतिहास का पहला खिताब जीता था, उस फाइनल मुकाबले में भी स्टार्क टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा, 2012 में हुए चैंपियंस लीग टी20 में भी उन्होंने सिक्सर्स के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा विकेट लिए थे और टूर्नामेंट के टॉप विकेट-टेकर बने थे।


