नई दिल्ली: भारत ने मंगलवार, 14 अक्टूबर को वेस्टइंडीज को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह वेस्टइंडीज की भारत में टेस्ट क्रिकेट में लगातार छठी हार थी। यह हार का सिलसिला साल 2013 में शुरू हुआ था, जब वेस्टइंडीज की कप्तानी डैरेन सैमी के हाथों में थी। अब, 2025 में वही डैरेन सैमी टीम के कोच की भूमिका में हैं, लेकिन नतीजा नहीं बदला। भारत में लगातार छह टेस्ट हारने वाली टीमों में वेस्टइंडीज के अलावा श्रीलंका (1986–1994) और न्यूजीलैंड (2010–2016) भी शामिल हैं। भारत में लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट हारने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसे 2008 से 2013 के बीच 7 बार हार का सामना करना पड़ा था।
भारत में भारत के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा हार
7 ऑस्ट्रेलिया (2008-13)
6 श्रीलंका (1986-94)
6 न्यूज़ीलैंड (2010-16)
6 वेस्टइंडीज (2013-25)
भारत का वेस्टइंडीज पर दबदबा कायम, टेस्ट सीरीज में लगातार 10वीं जीत
भारत ने वेस्टइंडीज को लगातार 10वीं टेस्ट सीरीज में हराया। यह सिलसिला 23 साल पहले 2002 में शुरू हुआ था। ऐसा करके शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम ने साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली। साउथ अफ्रीका ने 1998 से 2024 के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 सीरीज जीती है। ऑस्ट्रेलिया ने 2000 से 2022 के बीच वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 9 सीरीज जीती है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 1989 से 2023 के बीच 8 सीरीज जीती है। श्रीलंका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 1996 से 20202 के बीच 8 सीरीज जीती है।
किसी टीम के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीत
10 भारत बनाम वेस्टइंडीज (2002-25)
10 साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज़ (1998-24)
9 ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज (2000-22)
8 ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड (1989-2003)
8 श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे (1996-20)
भारत 27 मैचों से वेस्टइंडीज के खिलाफ अजेय, रिकॉर्ड कायम
भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 27 मैचों से अजेय बनी हुई है। यह किसी एक टीम के खिलाफ सबसे लंबे समय तक अजेय रहने के मामले में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस आंकड़े के साथ भारत अब इस सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इस मामले में इंग्लैंड शीर्ष पर है, जिसने 1930 से 1975 के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 47 मैचों तक कोई हार नहीं झेली थी। दूसरे स्थान पर भी इंग्लैंड ही है, जो 1961 से 1982 तक पाकिस्तान के खिलाफ 30 मैचों तक अजेय रहा। भारत अब इस ऐतिहासिक सूची में मजबूत स्थिति में है और उसका वेस्टइंडीज पर दबदबा लगातार कायम है।
टेस्ट में किसी टीम के खिलाफ सबसे लंबे समय तक अजेय रहने का रिकॉर्ड
47 इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (1930-75)
30 इंग्लैंड बनाम पाक (1961-82)
29 वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड (1976-88)
27 भारत बनाम वेस्टइंडीज (2002-23)
24 ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका (1911-52)
24 वेस्टइंडीज बनाम भारत (1948-71)


