नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम लंबी यात्रा और देरी का सामना करने के बाद आखिरकार 16 अक्टूबर की सुबह पर्थ पहुंच गई। टीम को निर्धारित समय से घंटों बाद वहां पहुंचना पड़ा, लेकिन अब खिलाड़ी पहले वनडे की तैयारियों में जुट जाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार, 19 अक्टूबर को खेला जाएगा, जिसे लेकर दोनों टीमों में तैयारी जोरों पर है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम 15 अक्टूबर को सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया जाने वाली फ्लाइट लगभग चार घंटे देरी से रवाना हुई। इसके कारण सिंगापुर में फ्लाइट के टाइम-टेबल में और बदलाव करना पड़ा। आखिरकार टीम सुबह करीब 4 बजे पर्थ पहुंची और होटल में चेक-इन किया।
लंबे सफर के बाद खिलाड़ी सीधे पहुंचे अपने कमरे में
शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले पहले बैच के खिलाड़ियों में शामिल थे। पर्थ हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी थी, जिससे प्रशंसकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से मिलने या तस्वीरें लेने का मौका नहीं मिल पाया। देर रात होटल के बाहर कई लोग खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे, लेकिन लंबे सफर से थके हुए भारतीय खिलाड़ी बिना रुके सीधे अपने कमरों में चले गए।
विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी निगाहें
भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज में मिचेल मार्श की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी, जिनका आयोजन पर्थ, एडिलेड और सिडनी में किया जाएगा। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण विराट कोहली और रोहित शर्मा की मैदान पर वापसी होगी, जो चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। वनडे मुकाबलों के दौरान फैंस की नजरें खासतौर पर इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों पर टिकी होंगी।
शुभमन गिल को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों अब केवल एकदिवसीय मैचों में ही खेलते दिखेंगे। दोनों बारबाडोस में भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद 2024 में टी20 से संन्यास ले लिया था। उन्होंने इस साल इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। शुभमन गिल के एकदिवसीय कप्तान बनने के साथ रोहित शर्मा की कप्तानी से छुट्टी हो गई है। श्रेयस अय्यर उप-कप्तान बनाए गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जयसवाल।


