नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले चरण के मुकाबले में मुंबई ने जम्मू और कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 386 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इस बड़ी पारी में सिद्धेश लाड ने शतक लगाकर टीम को संभाला, जबकि शम्स मुलानी भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक के बहुत करीब पहुंचे, लेकिन 91 रन पर ही रुक गए। मैच में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था, लेकिन मुंबई की बल्लेबाजी ने उनका विरोध मजबूत तरीके से किया।
कप्तान शार्दुल ठाकुर बिना रन बनाए आउट
शार्दुल ठाकुर निचले क्रम पर अच्छी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पिछले रणजी सीजन में उन्होंने मुंबई के लिए जमकर रन बनाए थे, लेकिन इस सीजन में उनकी शुरुआत खराब रही और वो जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए और डक पर आउट हो गए। उन्होंने 12 गेंदों का सामना किया, लेकिन वो एक भी रन बनाने में सफल नहीं हो पाए।
पहली पारी में मुंबई के ओपनर मुशीर खान भी शून्य पर आउट हो गए जबकि आयुष महात्रे ने 28 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया। टीम के सीनियर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 27 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया तो वहीं लाड ने अच्छी पारी खेली और 3 छक्के और 17 चौकों के साथ 116 रन का शानदार पारी खेली।
शम्स मुलानी ने भी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया, उन्होंने 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन बनाए और मात्र 9 रन से अपना शतक गंवा दिया। वहीं, सरफराज खान ने 48 गेंदों में 41 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और 6 चौके शामिल थे। जम्मू-कश्मीर की ओर से युद्धवीर सिंह ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 21 ओवर में 96 रन देकर सबसे अधिक 5 विकेट हासिल किए।


