नई दिल्ली: आईपीएल में 2015 से 2024 तक बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले केन विलियमसन को अब एक नई भूमिका मिली है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान को अपनी टीम का स्ट्रेटजिक एडवाइजर (रणनीतिक सलाहकार) नियुक्त किया है। इससे पहले इस साल विलियमसन ने दक्षिण अफ्रीका की एसए20 लीग में संजीव गोएनका की फ्रेंचाइजी, डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेला था। अब वह भारतीय टी20 लीग में एक नए और महत्वपूर्ण पद पर नजर आएंगे।
गौरतलब है कि केन विलियमसन न्यूजीलैंड के उन पांच क्रिकेटर्स में से एक हैं जिन्होंने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट ठुकरा दिया था। वह दुनियाभर की अन्य लीग से जुड़े रहना चाहते थे। हालांकि, पूर्व कप्तान ने अभी टी20 फॉर्मेट को अलविदा नहीं कहा है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में वह अनसोल्ड थे। वहीं टी20 इंटरनेशनल खेलने के लिए भी उन्होंने अगले साल न्यूजीलैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खुद को उपलब्ध बताया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इससे पहले भरत अरुण को बतौर बॉलिंग कोच टीम के साथ जोड़ा था। अरुण इससे पहले चार साल तक केकेआर के साथ जुड़े हुए थे। वहीं विलियमसन भी अब उस सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनेंगे। इस टीम की कमान पिछले साल ऋषभ पंत ने संभाली थी। वह एक बार फिर से आईपीएल 2026 में भी टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। वहीं आगामी रिटेंशन रिलीज में टीम क्या दांव खेलती है यह भी देखने वाली बात होगी।
विलियमसन का आईपीएल सफर कैसा रहा?
केन विलियमसन ने आईपीएल में 10 सीजन तक खेलते हुए एक प्रभावशाली करियर बनाया है। 2018 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 735 रन बनाए और उस साल उन्हें ऑरेंज कैप से नवाजा गया। 2022 तक वह सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान भी रहे। 2023 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें खरीदा, लेकिन वह केवल एक मैच खेल पाए और चोट के कारण बाहर हो गए। 2024 में भी उन्हें सिर्फ दो मैच खेलने का मौका मिला। साल 2025 में किसी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा। अब आईपीएल 2026 में विलियमसन एक नई भूमिका के साथ मैदान पर नजर आएंगे।


