सलमान आगा की कप्तानी खत्म, पाकिस्तान T20 टीम की कमान संभालेगा 188 इंटरनेशनल मैच खेल चुका ये दिग्गज

0

नई दिल्ली: इस वक्त पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी सलमान आगा के हाथों में है, लेकिन अब उनके स्थान पर अनुभवी ऑलराउंडर शादाब खान को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। शादाब खान अब तक 188 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। साल 2025 की शुरुआत में इंग्लैंड में उनके कंधे की सर्जरी हुई थी, लेकिन अब वे पूरी तरह से फिट हैं और मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनके नेतृत्व में टीम को नया संतुलन और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कप्तानी में हो सकता है बदलाव, शादाब खान ले सकते हैं सलमान की जगह

रिपोर्ट के मुताबिक शादाब खान की वापसी के बाद उन्हें सलमान आगा की जगह पाकिस्तान टी20 टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। शादाब ने पाकिस्तान के लिए अब तक 112 टी20, 70 वनडे और 6 टेस्ट मैच खेले हैं। कंधे की चोट से पहले आखिरी बार जून की शुरुआत में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेले थे और सर्जरी से पहले वह इस प्रारूप में टीम के उप-कप्तान थे।

27 साल के शादाब खान पहले भी पाकिस्तान की ओर से टी20 क्रिकेट में कप्तानी कर चुके हैं और उनके पास पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) और घरेलू क्रिकेट में नेतृत्व करने का अच्छा खासा अनुभव है। फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) सलमान अली आगा के साथ बना हुआ है, लेकिन एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार बोर्ड शादाब को टी20 प्रारूप में दीर्घकालिक कप्तान के रूप में देख रहा है। एशिया कप के बाद इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई है कि क्या सलमान टी20 फॉर्मेट में एक खिलाड़ी के तौर पर अपनी जगह पक्की कर पा रहे हैं या नहीं। इसी वजह से कप्तानी में बदलाव की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।

सूत्र के मुताबिक शादाब खान 11 से 15 नवंबर के बीच श्रीलंका के खिलाफ होने वाली द्विपक्षीय घरेलू सीरीज में वापसी करेंगे क्योंकि उनका पुनर्वास ठीक चल रहा है। वहीं पीसीबी 19 नवंबर से अफगानिस्तान और श्रीलंका के साथ प्रस्तावित त्रिकोणीय सीरीज की मेजबानी कर पाएगा या नहीं इस पर संदेह बना हुआ है इसलिए सूत्र ने कहा कि यह निश्चित है कि राष्ट्रीय चयनकर्ता श्रीलंका सीरीज में शादाब को परखना चाहेंगे।

सूत्रों के अनुसार, शादाब खान श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से पहले कायदे-आज़म ट्रॉफी में एक घरेलू चार दिवसीय मैच खेलने की योजना बना रहे हैं, ताकि मैदान पर वापसी से पहले अपनी फिटनेस और फॉर्म का आकलन कर सकें। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों के तहत कई टी20 मुकाबलों की योजना बनाई है। इन तैयारियों का आगाज़ जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज से होगा। साथ ही, टीम को तरोताज़ा बनाए रखने के लिए श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में तेज़ गेंदबाज़ शाहीन शाह अफरीदी को आराम देने और हारिस रऊफ को टीम से बाहर रखने पर भी विचार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here