नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से सिर्फ 48 घंटे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्क्वाड में अचानक बदलाव हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन साइड पेन की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 2023 वर्ल्ड कप विजेता स्क्वाड के सदस्य मार्नस लाबुशेन को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन की इंजरी को गंभीर नहीं बताया है और इसे केवल लो ग्रेड इंजरी बताया गया है। फिर भी, एशेज सीरीज को ध्यान में रखते हुए एहतियातन उन्हें इस वनडे सीरीज से बाहर रखा गया है।
कैमरून ग्रीन 19,23 और 25 अक्टूबर को होने वाले तीन वनडे मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं एशेज से पहले 28 अक्टूबर से शुरू होने वाली शेफील्ड शील्ड के पहले गेम में वह नजर आ सकते हैं। हाल ही में पिछले हफ्ते ही ग्रीन ने गेंदबाजी करना शुरू किया था। वह पिछले साल हुई बैक इंजरी से वापसी कर रहे थे। मगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह भी साफ किया है कि इस सीरीज से बाहर होना उनकी पिछली इंजरी से बिल्कुल भी मतलब नहीं रखता है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी जानकारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार सुबह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी करते हुए बताया कि “कैमरून ग्रीन शॉर्ट पीरियड का रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम लेंगे। इस दौरान एशेज की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उनकी शेफील्ड शील्ड में वापसी की संभावना पर भी नजर रखी जाएगी।” ग्रीन की जगह स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को टीम में शामिल किया गया है, जो हाल ही में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अपने पिछले चार घरेलू 50 ओवर मैचों में दो सेंचुरी बनाकर क्वींसलैंड टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।
लाबुशेन को इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ इसी साल अगस्त में खेली गई वनडे सीरीज में 1,1 के स्कोर के बाद नजर अंदाज कर दिया गया था। इसी कारण वह भारतीय वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए थे। मगर अब उनका चयन हो गया है। आपको बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की जीत में ट्रेविस हेड के साथ लाबुशेन ने भी अहम योगदान दिया था।
टीम ऑस्ट्रेलिया में बड़ा बदलाव: तीन स्टार खिलाड़ी नहीं खेलेंगे
कैमरून ग्रीन के बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले मैच में अपने तीन प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरेगी। जोश इंग्लिस इंजरी के कारण उपलब्ध नहीं हैं और उनकी जगह जोश फिलिप को मौका मिला है। इसके अलावा, एडम जैम्पा पारिवारिक कारणों से पहला मैच नहीं खेल पाएंगे, जबकि एलेक्स कैरी भी पहले मुकाबले में नहीं उतरेंगे। हालांकि, जैम्पा, कैरी और इंग्लिस दूसरे मैच में वापसी कर लेंगे। वहीं, ग्रीन पूरी सीरीज से बाहर रहेंगे। इससे पहले पैट कमिंस भी इस सीरीज से बाहर हो चुके थे।
ऑस्ट्रेलिया का वनडे स्क्वाड: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मैथ्यू कूहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क।


