नई दिल्ली: पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी आसिफ अफरीदी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी पहली पारी में जोरदार प्रदर्शन किया। 38 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ने केवल अपनी पहली पारी में 5 विकेट झटके और मेहमान टीम को तीसरे दिन, बुधवार (22 अक्टूबर) को दबाव में डाल दिया। आसिफ की प्रभावशाली गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने पहले खेली गई पारी में 333 रन बनाने के बाद, साउथ अफ्रीका की टीम 235 रन पर 8 विकेट खो चुकी थी।
आसिफ अफरीदी ने पहला विकेट टोनी डी जोर्जी का लिया। उन्होंने 55 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल पाए। उन्होंने काइल वेरिन को आउट किया। उन्होंने 10 रन बनाए। उन्होंने चौथा विकेट ट्रिस्टन स्टब्स का लिया, जिन्होंने 76 रन बनाए। आसिफ अफरीदी को पांचवां विकेट साइमन हार्मर के तौर पर मिला। उन्होंने 2 रन बनाए।
आसिफ अफरीदी की शानदार गेंदबाजी ने पाकिस्तान को दिलाई वापसी
साउथ अफ्रीका ने 2 विकेट 54 रन पर खो दिए थे। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और टोनी डी जोर्जी के बीच 113 रन की साझेदारी हुई। आसिफ ने डी जोर्जी को आउट किया और पाकिस्तान की मुकाबले में वापसी हो गई। साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट 68 रन पर गंवा दिए। साउथ अफ्रीका का तीसरा विकेट 167 पर गिरा। फिर उसका स्कोर 235 पर 8 विकेट हो गया।
स्टब्स और डी जोर्जी ने जमाए अर्धशतक
साउथ अफ्रीका की पारी में ट्रिस्टन स्टब्स ने 76 और टोनी डी जोर्जी ने 55 रन बनाए। कप्तान एडेन मार्कराम ने 32, रियान रिकल्टन ने 14, काइल वेरिन ने 10 और साइमन हार्मर ने 2 रन जोड़े, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस खाता भी नहीं खोल पाए। पाकिस्तान की ओर से आसिफ अफरीदी ने 5 विकेट लिए, वहीं शाहीन अफरीदी, नोमान अली और साजिद खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। इस बीच, सेनुरन मुथुसामी 45 और केशव महाराज 10 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे।


