नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शृंखला का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर 2025 को एडिलेड के एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। पहले वनडे मैच में, जो पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में आयोजित हुआ था, बारिश की वजह से खेल प्रभावित हुआ और भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा।
शुभमन गिल का बतौर फुल टाइम वनडे कप्तान वह पहला मैच था। इस हार के कारण भारत का आठ वनडे मैचों की जीत का सिलसिला भी टूट गया था। पर्थ वनडे रोहित शर्मा तथा विराट कोहली की वापसी का मैच भी था, लेकिन वे दोनों भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। इन सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए भारत अब गुरुवार 23 अक्टूबर 2025 को एडिलेड ओवल में जीत की राह पर लौटने को बेताब होगी।
भारत vs ऑस्ट्रेलिया वनडे मैच: हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 153 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 58 में जीत हासिल की है, जबकि 85 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दस मैच बेनतीजा रहे हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 55 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें से भारत सिर्फ 14 में ही जीत का स्वाद चख पाया है। वहीं, 39 मैच में उसे हार झेलनी पड़ी। दो मुकाबले बेनतीजा साबित हुए।
बिजली गिरने की संभावना
बारिश के कारण पहला वनडे केवल 26-26 ओवर का ही खेला जा सका था। एडिलेड में मैच के दिन फिलहाल कोई बारिश का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रांत की राजधानी में मैच से पहले के दिनों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
विराट कोहली पर होगी सबकी निगाहें
विराट कोहली पहले वनडे में ड्राइव लगाने के प्रयास में जल्दी आउट हो गए थे। हालांकि, इसे कूपर कोनोली द्वारा बैकवर्ड पॉइंट पर पकड़े गए शानदार कैच से अलग नहीं किया जा सकता। एडिलेड ओवल टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली के लिए हमेशा ही एक सफल मैदान रहा है, और वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी उनका प्रदर्शन यहां खासा प्रभावशाली रहा है।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने एडिलेड ओवल में केवल चार वनडे खेले हैं और उनमें से दो में शतक बनाए हैं। विराट कोहली ने इस मैदान पर 4 मैच में 61 के औसत से 244 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने आखिरी बार जनवरी 2019 में एकदिवसीय मैच खेला था, तब वह अपने चरम पर थे। विराट कोहली यह साबित करने के लिए बेताब होंगे कि वह अब भी एक ताकत हैं।
मिचेल मार्श भारत के लिए साबित हो सकते हैं चुनौती
ऑस्ट्रेलिया के वनडे कप्तान मिचेल मार्श वर्तमान में सफेद गेंद की क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। भले ही ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवाई हो, मिचेल मार्श ने उस दौरान शतक लगाया था। इसके अलावा, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भी शतक जमाया था। अपनी इस बेहतरीन फॉर्म और अनुभव के चलते मिचेल मार्श अपेक्षाकृत कम अनुभव वाले भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़े खतरे की वजह बन सकते हैं।
दूसरे वनडे के लिए ये हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत की संभावित एकादश: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित एकादश: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट।
दूसरे वनडे मैच के लिए ये हैं भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, एडम जम्पा, बेन ड्वारशुइस, मार्नस लाबुशेन, जेवियर बार्टलेट।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया लाइवस्ट्रीमिंग डिटेल्स
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा वनडे मैच JioHotstar (जियो हॉटसटार) ऐप पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत वनडे 2025 शेड्यूल
19 अक्टूबर: पहला वनडे, पर्थ के पर्थ स्टेडियम, भारतीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शुरू
23 अक्टूबर: दूसरा वनडे, एडिलेड के एडिलेड ओवल, भारतीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शुरू
25 अक्टूबर: तीसरा वनडे, सिडनी के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड, भारतीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शुरू


