39 साल के ऑलराउंडर की धमाकेदार वापसी! 7 साल बाद टी20 टीम में शामिल, 2018 में कह दिया था क्रिकेट को अलविदा

0

नई दिल्ली: टी20 क्रिकेट के इस तेज़ रफ्तार दौर में हर खिलाड़ी मैदान पर उतरने के लिए बेताब रहता है। इसी बीच एक अनुभवी खिलाड़ी ने सभी को चौंकाते हुए वापसी की है। यह वही क्रिकेटर है जिसने 2018 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलकर संन्यास की घोषणा कर दी थी। अब पूरे सात साल बाद 39 वर्षीय ग्रीम क्रेमर ने जिम्बाब्वे की टी20 टीम में शानदार वापसी की है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि जिम्बाब्वे हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी जगह पक्की कर चुका है।

क्रेमर की बात करें तो वह 2017-18 के दौर में जिम्बाब्वे के अहम खिलाड़ियों में से एक थे। वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए अब तक 19 टेस्ट, 96 वनडे और 29 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। अब वह एक बार फिर से अपने देश के लिए खेलने को तैयार हैं। गौरतलब है जिम्बाब्वे की टीम सिकंदर रजा की कप्तानी में एक नए तेवर और अंदाज में नजर आ रही है।

हाल ही में अपने घर में जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में हराकर जीत दर्ज की थी। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें तीन मैचों की टी20 सीरीज पर टिकी हैं। इसी सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वाड घोषित कर दिया गया है। इससे पहले टीम में स्टार बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की भी वापसी हुई थी। अब ग्रीम क्रेमर के रूप में दूसरा मामला सामने आया है, जिसमें खिलाड़ी ने संन्यास लेने और देश छोड़ने के बाद फिर से टीम में वापसी की है।

जिम्बाब्वे के लिए शानदार रिकॉर्ड और आंकड़े बनाए खिलाड़ी

ग्रीम क्रेमर ने जिम्बाब्वे के लिए लंबा और सफल करियर बिताया है, और उनके आंकड़े इस सफलता का प्रमाण हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 57 विकेट और एक शतक के साथ 540 रन दर्ज हैं। वनडे में उन्होंने 119 विकेट अपने नाम किए और एक अर्धशतक सहित 744 रन बनाए। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 35 विकेट झटके हैं। अब 29 अक्टूबर से अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में एक बार फिर उनके खेल का जलवा देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही उनकी निगाहें अगले साल फरवरी-मार्च में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप पर भी टिकी होंगी।

जिम्बाब्वे का टी20 स्क्वाड

सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रियान बर्ल, ब्रेंडन टेलर, ग्रीम क्रेमर, ब्रैड इवांस, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here