नई दिल्ली: भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर इस समय सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान उनकी पसलियों में लगी चोट के कारण आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) हुआ। शनिवार (25 अक्टूबर) को खेले गए मुकाबले में अय्यर ने बैकवर्ड पॉइंट के पास शानदार फील्डिंग करते हुए एलेक्स कैरी का कठिन कैच पकड़ा था, लेकिन इसी दौरान उनकी बाईं पसली बुरी तरह चोटिल हो गई। कैच लेने के तुरंत बाद वह दर्द से तड़पते हुए मैदान से बाहर चले गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में पता चला कि उनकी चोट बेहद गंभीर थी और समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकती थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “श्रेयस पिछले कुछ दिनों से आईसीयू में हैं। रिपोर्ट आने के बाद इंटरनल ब्लीडिंग का पता चला और उन्हें तुरंत भर्ती करना पड़ा। रिकवरी के आधार पर उन्हें दो से सात दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा क्योंकि ब्लीडिंग से इंफेक्शन को फैलने से रोकना जरूरी था।” बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर की चोट पर जानकारी साझा की है। जानने के लिए क्लिक करें।
श्रेयस अय्यर की चोट बनी जानलेवा खतरा
ड्रेसिंग रूम लौटने के बाद श्रेयस अय्यर की हालत बिगड़ने लगी। उनका शरीर का तापमान, पल्स रेट और ब्लड प्रेशर असामान्य रूप से बढ़ गया था। उन्हें सांस लेने में भी कठिनाई हो रही थी। स्थिति को गंभीर देखते हुए बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने तुरंत निर्णय लिया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “टीम के डॉक्टर और फिजियो ने कोई जोखिम नहीं उठाया और अय्यर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन चोट खतरनाक साबित हो सकती थी। वह मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं और जल्द ही पूरी तरह फिट हो जाएंगे।”
श्रेयस अय्यर की मैदान पर वापसी में लग सकता है लंबा वक्त
शुरुआती अनुमान के मुताबिक श्रेयस अय्यर करीब तीन हफ्ते तक मैदान से दूर रह सकते थे, लेकिन अब उनकी रिकवरी उम्मीद से अधिक लंबी खिंच सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “इंटरनल ब्लीडिंग के चलते अय्यर को पूरी तरह फिट होने में अधिक समय लग सकता है। फिलहाल यह बताना मुश्किल है कि वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कब वापसी कर पाएंगे।” 31 वर्षीय अय्यर को भारत लौटने से पहले कम से कम एक सप्ताह तक सिडनी के अस्पताल में निगरानी में रखा जाएगा। फिलहाल वह भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।
श्रेयस अय्यर ने रेड बॉल क्रिकेट से लिया लंबा ब्रेक
श्रेयस अय्यर का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है। भारतीय टीम के मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज ने पहले बीसीसीआई को लिखित रूप में सूचित किया था कि वह पीठ में जकड़न और थकान के चलते कुछ समय के लिए रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक लेना चाहते हैं। बोर्ड ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर उन्हें आराम की अनुमति दे दी थी, ताकि वह पूरी तरह फिट होकर फिर से वापसी कर सकें।


