नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज के लिए युवा लेग स्पिनर तनवीर संघा को टीम में शामिल किया है। यह फैसला टीम के अनुभवी स्पिनर एडम जम्पा के निजी कारणों से शुरुआती मैचों से बाहर होने के बाद लिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एडम जम्पा की पत्नी हैरियट गर्भवती हैं और जल्द ही उनके दूसरे बच्चे के जन्म की उम्मीद है। इसी कारण जम्पा ने कुछ समय के लिए टीम से ब्रेक लिया है। एडम जम्पा पर्थ में भारत के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में भी नहीं खेल पाए थे, लेकिन अगले दोनों मुकाबलों में खेले थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दो मैचों में जीत हासिल कर तीन मैच की एकदिवसीय शृंखला 2-1 से अपने नाम की।
भारत सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम में बड़ा बदलाव
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार 27 अक्टूबर 2025 को पुष्टि की कि तनवीर संघा बुधवार 29 अक्टूबर को मनुका ओवल में होने वाले पहले टी20 मैच से पहले कैनबरा में टीम से जुड़ेंगे। 23 साल के तनवीर संघा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
शानदार फॉर्म में तनवीर संघा का प्रदर्शन
न्यू साउथ वेल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले लेग स्पिनर तनवीर संघा हाल ही में बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। वह न्यू साउथ वेल्स ब्लूज की ओर से वनडे कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। संघा ने अपनी सटीक लाइन और प्रभावी लेग स्पिन के दम पर टूर्नामेंट में अब तक 10 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है, जिससे टीम को कई मौकों पर बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी थंडर के नियमित सदस्य तनवीर संघा ने 2023 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। तनवीर संघा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ यादगार पदार्पण किया था, जिसमें उन्होंने 31 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस लेग स्पिनर ने ऑस्ट्रेलिया-ए के हालिया भारत दौरे के दौरान भी प्रभावित किया था। तब तनवीर संघा ने कानपुर में तीन लिस्ट-ए मैचों में सात विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में तनवीर संघा ने 8.89 की इकॉनमी से 10 विकेट लिए हैं।
महली बियर्डमैन ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल होने को तैयार
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और पर्थ स्कॉर्चर्स के तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह मिली है और वे सीरीज के अंत में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। बियर्डमैन तीसरे मैच से टीम से जुड़ेंगे। खास बात यह है कि उन्होंने अब तक एक भी प्रथम श्रेणी मुकाबला नहीं खेला है। यह बदलाव भारत के खिलाफ आगामी मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया की लचीली रणनीति और नए खिलाड़ियों को मौका देने की नीति को दर्शाता है।


