जोहान्सबर्ग: साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बवूमा अगले महीने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ से टीम में वापसी करेंगे। बवूमा को पिंडली की चोट के कारण इंग्लैंड दौरे के बाद पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ से बाहर रहना पड़ा था। अब वे पूरी तरह फिट होकर टीम की कमान संभालने को तैयार हैं। भारत दौरे से पहले बवूमा बेंगलुरु में भारत ए के खिलाफ साउथ अफ्रीका ए टीम के साथ एक फर्स्ट-क्लास मैच खेलेंगे। पाकिस्तान सीरीज़ में जो टीम खेली थी, उसमें सिर्फ एक बदलाव किया गया है। डेविड बेडिंघम की जगह बवूमा को शामिल किया गया है। बेडिंघम ने पाकिस्तान दौरे पर कोई टेस्ट नहीं खेला था और हाल के मैचों में फॉर्म में भी नहीं थे। साउथ अफ्रीका ने अपने तीनों प्रमुख स्पिनर — केशव महाराज, साइमन हार्मर और सेनुरन मुथुसामी — को टीम में बरकरार रखा है। तेज़ गेंदबाज़ी में कगिसो रबाडा, मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश को जगह दी गई है। लुंगी एनगिडी इस बार टीम का हिस्सा नहीं होंगे।भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की यह टेस्ट सीरीज़ 14 दिसंबर से कोलकाता में शुरू होगी, जबकि दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। इस दौरे में अफ्रीकी टीम तीन वनडे और पांच टी-20 मुकाबले भी खेलेगी।


