भोपाल. एशिया ट्रायथलॉन जूनियर एवं अंडर-23 चैंपियनशिप 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक अकाबा, जॉर्डन में आयोजित की जा रही है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी के चार खिलाड़ी — आद्या सिंह, दुर्विसा पवार, रोशन गोंड और अभिषेक मॉडनवाल — भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों की टीम ने आज अकादमी के मुख्य कोच कैप्टन मनोज झा के मार्गदर्शन में जॉर्डन के लिए प्रस्थान किया। यह अवसर खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन का परचम लहराने का महत्वपूर्ण मौका है।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे देश के लिए पदक जीतकर भारत और प्रदेश का नाम रोशन करें। खेल संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव, ट्रायथलॉन संघ के अध्यक्ष श्रीकांत तिवारी और सचिव जे.पी. सक्सेना ने भी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।


