भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की टीम घोषित, टेम्बा बावुमा की वापसी और ब्रेविस का जलवा

0

नई दिल्ली: भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने सोमवार (27 अक्टूबर) को अपनी टीम की घोषणा कर दी। पिंडली में खिंचाव से उबरने के बाद कप्तान टेम्बा बावुमा टीम में लौट आए हैं। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता में जबकि दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनाने के बाद बावुमा को सितंबर में इंग्लैंड में चोट लग गई थी। इसके बाद से वह नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए, जो 1-1 से ड्रॉ रही। वह इस हफ्ते पाकिस्तान में शुरू होने वाले किसी भी व्हाइट-बॉल मैच में नहीं खेलेंगे। वह भारत दौरे पर बेंगलुरु में इंडिया ए के खिलाफ फर्स्ट-क्लास मैच में साउथ अफ्रीका ए के लिए खेलते दिखेंगे।

साउथ अफ्रीकी स्क्वॉड में एकमात्र बदलाव, बावुमा की हुई वापसी

साउथ अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी लाइनअप में कप्तान टेम्बा बावुमा की वापसी ही एकमात्र बदलाव रही। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेविड बेडिंगम को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वह पाकिस्तान दौरे पर दोनों मैचों में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने थे। बेडिंगम ने अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 15 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ 82 रन बनाने से पहले वह लगातार 12 पारियों तक पचास रन का आंकड़ा नहीं छू पाए थे। उनकी जगह चयनकर्ताओं ने टोनी डी जोरजी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस और ज़ुबैर हमजा पर भरोसा जताया है।

तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की टीम में एंट्री

साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए तीन प्रमुख स्पिनरों को टीम में शामिल किया है — केशव महाराज, साइमन हार्मर और सेनुरन मुथुसामी, जिन्होंने पाकिस्तान दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ऑफ स्पिनर प्रेनेलन सुब्रायन को टीम में जगह नहीं मिली है। वह केशव महाराज की ग्रोइन इंजरी के कारण पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में खेले थे। तेज गेंदबाजी विभाग में कगिसो रबाडा, कॉर्बिन बॉश और मार्को यानसेन को बरकरार रखा गया है, जबकि लुंगी एनगिडी की टीम में वापसी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here