नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम को वनडे सीरीज में 1-2 से हार झेलनी पड़ी। अब टीम इंडिया 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है। हालांकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की मौजूदगी के चलते युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को वनडे सीरीज में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। टी20 टीम से भी बाहर रहने के बाद जायसवाल ने अब रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में मुंबई के लिए मैदान पर उतरने का निर्णय लिया है।
यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में राजस्थान के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध होने की जानकारी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को दी। तीसरा राउंड 1 नवंबर से खेला जाएगा। ऐसे में जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले रणजी खेलना का फैसला किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जायसवाल ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 3 पारियों में 219 रन ठोके थे।
दलीप ट्रॉफी में दिखा चुके हैं यशस्वी जायसवाल अपना जलवा
यशस्वी जायसवाल ने आखिरी बार सितंबर 2025 में घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लिया था। उन्होंने दलीप ट्रॉफी में वेस्ट जोन की ओर से सेंट्रल जोन के खिलाफ 4 और 64 रनों की पारियां खेली थीं। गौरतलब है कि घरेलू सीजन की शुरुआत से पहले जायसवाल ने मुंबई की जगह अब गोवा से खेलने का निर्णय लिया था। इसके लिए उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर लिया था।
विवाद के बाद फिर से मुंबई की ओर से उतरेंगे यशस्वी
बाद में यशस्वी जायसवाल ने अपना निर्णय बदलते हुए मुंबई से ही खेलना जारी रखने का मन बनाया। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने उनकी एनओसी आवेदन को वापस लेने के अनुरोध को स्वीकृति दे दी। इस पूरे विवाद के बाद यशस्वी पहली बार मुंबई की ओर से खेलने के लिए तैयार हैं। यशस्वी जायसवाल ने अब तक 26 मैचों की 49 पारियों में 51.65 की औसत से 2428 रन बनाए हैं, जिनमें 7 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 214 रन है।


