नई दिल्ली: आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप 2025 में टीम इंडिया को करारा झटका लगा है। शानदार फॉर्म में चल रही सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने और टखने में चोट लगने के कारण सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 को टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। उन्हें यह चोट बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी। प्रतिका रावल इस समय टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना के बाद दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं और उनके बाहर होने से टीम की बल्लेबाजी को बड़ा धक्का लगा है। वहीं, आगामी सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष की उपलब्धता पर भी संशय बना हुआ है, क्योंकि वह हल्की चोट से जूझ रही हैं।
ऋचा घोष चोटिल, सेमीफाइनल में खेलना संदिग्ध
आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में टीम इंडिया को एक और झटका लग सकता है, क्योंकि ऋचा घोष की फिटनेस पर भी संदेह बना हुआ है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष भारत की ओर से टूर्नामेंट में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान उनकी अंगुली में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह बांग्लादेश के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल सकीं। अब भी उनकी चोट पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है, जिससे सेमीफाइनल में उनकी उपलब्धता पर सवाल बना हुआ है। ऋचा घोष ने अब तक टूर्नामेंट में 6 पारियों में 43.75 की औसत और 128.67 की स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 94 रन रहा है, जो उनकी शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
सेमीफाइनल से पहले बुरी खबर: प्रतिका रावल चोटिल
रविवार 26 अक्टूबर 2025 की रात 25 साल की प्रतिका रावल का दाहिना टखना डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत के आखिरी लीग मैच के दौरान मुड़ गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘जिस तरह से वह गिरी, उससे साफ हो गया कि वह नॉकआउट मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’ प्रतिका रावल 21वें ओवर की आखिरी गेंद पर गेंद रोकने के लिए डीप मिडविकेट से दौड़ीं तो उनका दाहिना पैर टर्फ में फंस गया। वह दर्द से कराहते हुए तुरंत गिर पड़ीं। भारतीय खिलाड़ी अपनी साथी खिलाड़ी की ओर दौड़ी और एक स्ट्रेचर भी मौके पर ले जाया गया, लेकिन प्रतिका रावल सहयोगी स्टाफ की मदद से मैदान से बाहर चली गईं।
प्रतिका रावल का शानदार फॉर्म जारी, टूर्नामेंट में 308 रन पूरे
प्रतिका रावल पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं। प्रतिका रावल ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की छह पारियों में 51.33 की औसत से 308 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 विकेट भी लिए हैं। प्रतिका रावल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला विश्व कप शतक लगाया। इस दौरान, वह महिला वनडे में संयुक्त रूप से सबसे तेज 1000 रन बनाने वाली खिलाड़ी भी बनीं। प्रतिका रावल ने शीर्ष क्रम में स्मृति मंधाना के साथ भी शानदार साझेदारी की है। भारतीय महिला टीम गुरुवार 30 अक्टूबर 2025 को सेमीफाइनल में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। आईसीसी महिला विश्व कप का फाइनल रविवार 2 नवंबर 2025 को होना है।


