ऑस्ट्रेलिया से आई राहत की खबर, श्रेयस अय्यर ने अपनी तबीयत पर दिया अपडेट

0

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया से गुरुवार (30 अक्टूबर) की सुबह भारतीय क्रिकेट टीम और उसके प्रशंसकों के लिए राहतभरी खबर आई। भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी तबीयत को लेकर खुद जानकारी साझा की है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने की कोशिश के दौरान उनकी पसली में गंभीर चोट लग गई थी। चोट के बाद उन्हें तुरंत सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में शिफ्ट करना पड़ा। स्थिति बेहद नाजुक थी और उनकी जान को भी खतरा हो सकता था।

अब श्रेयस अय्यर खतरे से बाहर हैं और गुरुवार सुबह उन्होंने खुद इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए अपनी तबीयत की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस ने लिखा, “मैं फिलहाल रिकवरी प्रक्रिया में हूं और हर बीतते दिन के साथ बेहतर महसूस कर रहा हूं। मेरी सेहत की चिंता करने और समर्थन देने के लिए मैं सभी का दिल से आभारी हूं। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मेरे लिए प्रार्थना और शुभकामनाएं भेजने के लिए आप सभी का धन्यवाद।”

श्रेयस अय्यर को आईसीयू में भर्ती करने की क्या थी वजह?

श्रेयस अय्यर को यह चोट उस समय लगी जब वे हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कठिन कैच पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। कैच लेते समय हुए झटके के बाद वह फिजियो की मदद से मैदान से बाहर चले गए, लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनका शरीर का तापमान, पल्स रेट और ब्लड प्रेशर असामान्य हो गया, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में पता चला कि उनकी प्लीहा (Spleen) फट गई है, जिसके कारण आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) हो रहा था। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें निगरानी के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया।

बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर की चोट पर जारी किया बयान

इससे पहले बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि श्रेयस अय्यर की हालत अब स्थिर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बोर्ड ने अपने बयान में कहा, “चोट का तुरंत पता चल गया था और ब्लीडिंग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें अभी भी निगरानी में रखा गया है। मंगलवार, 28 अक्टूबर को किए गए दोबारा स्कैन में काफी सुधार देखने को मिला है। श्रेयस तेजी से रिकवर कर रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह लेकर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखेगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here