नई दिल्ली : भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत को चैंपियन बनाने के बाद अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। फिलहाल वह केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं और इस साल की शुरुआत में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। अब रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड खतरे में है, जिस पर पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की नजर है। बाबर आजम टी20 रैंकिंग में नंबर 1 बल्लेबाज बनने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
हालांकि रोहित अब टी20 इंटरनेशनल नहीं खेलते, लेकिन बाबर की पाकिस्तान टीम में दोबारा वापसी के बाद उनके पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका है। अगर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो अभी पूर्व टी20 इंटरनेशनल के खिलाड़ी रोहित शर्मा नंबर 1 पर काबिज हैं। वहीं पाकिसानी खिलाड़ी बाबर आजम इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं और उनके व रोहित के रनों में बस 8 रन का ही अंतर है। यानी वह रोहित शर्मा का यह बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने के बहुत करीब आ चुके हैं। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं और वह भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहे चुके हैं।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
रोहित शर्मा- 4231 रन (159 मैच)
बाबर आजम- 4223 रन (129 मैच)
विराट कोहली- 4188 रन (125 मैच)
जोस बटलर- 3869 रन (144 मैच)
पॉल स्टर्लिंग- 3710 रन (153 मैच)
मार्टन गप्टिल- 3531 रन (122 मैच)
मोहम्मद रिजवान- 3414 रन (106 मैच)
बाबर आजम की वापसी नहीं रही सफल
बाबर आजम की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद उन्हें पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद वह एशिया कप 2025 में भी टीम का हिस्सा नहीं बने। हालांकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में उनकी वापसी हुई, लेकिन वह पहले मैच में पूरी तरह नाकाम रहे और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 31 अक्टूबर को खेला जाएगा, जिसमें बाबर के पास सिर्फ 9 रन बनाकर रोहित शर्मा का यह बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा।


