नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टी20I सीरीज खेल रही है। इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट्स को लेकर बड़ा ऐलान किया है। 30 अक्टूबर को पीसीबी ने घोषणा की कि घरेलू क्रिकेट सत्र 2025-26 के लिए कुल 157 खिलाड़ियों को घरेलू कॉन्ट्रैक्ट्स दिए जाएंगे, जो पिछले सीजन की तुलना में 26 अधिक हैं। यह कदम पाकिस्तान में घरेलू क्रिकेट को और मजबूती देने और उभरते हुए खिलाड़ियों को अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस फैसले से पाकिस्तान के क्रिकेट सिस्टम में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। PCB ने इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए एक नई कैटेगरी भी जोड़ी है। अब खिलाड़ियों को चार कैटेगिरी A, B, C और D में विभाजित किया गया है। बोर्ड अधिकारी के अनुसार, 30 खिलाड़ियों को कैटेगरी A, 55 खिलाड़ियों को कैटेगरी B, 51 खिलाड़ियों को कैटेगरी C, और 21 खिलाड़ियों को कैटेगरी D में शामिल किया गया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले सीजन को आधार बनाकर लिया बड़ा फैसला
बोर्ड अधिकारी ने बताया कि ये कॉन्ट्रैक्ट्स खिलाड़ियों के पिछले सीजन के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिए गए हैं। हालांकि पीसीबी ने इस सीजन की सटीक फीस का खुलासा नहीं किया है, लेकिन 2024–25 सीजन में कैटेगरी A के खिलाड़ियों को 5,50,000 (पाकिस्तानी रुपये), कैटेगरी B के खिलाड़ियों को 4,00,000 (पाकिस्तानी रुपये) और कैटेगरी C के खिलाड़ियों को 2,50,000 (पाकिस्तानी रुपये) मासिक वेतन दिया गया था। इसके अलावा खिलाड़ियों को मैच फीस भी दिए जाने का प्रावधान है। कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ियों को मैच फीस भी मिलती थी, जो चार दिन के फर्स्ट-क्लास मैच के लिए 200,000 पाकिस्तानी रुपये से लेकर लिस्ट A और T20 मैचों के लिए 125,000 पाकिस्तानी रुपये और 100,000 (पाकिस्तानी रुपये) तक होती थी।
PCB ने घरेलू क्रिकेट को मजबूत करने के लिए उठाया बड़ा कदम
यह महत्वपूर्ण है कि PCB ज्यादातर इंटर-रीजनल प्रतियोगिताओं को सब्सिडी प्रदान करता है, लेकिन जो टूर्नामेंट घरेलू कैलेंडर का हिस्सा होते हैं, उनके लिए डिपार्टमेंटल टीमों से भारी भागीदारी शुल्क लिया जाता है। पाकिस्तान में पिछले कई सालों से घरेलू क्रिकेट की स्थिति काफी खराब रही है, जिससे क्रिकेटर्स को घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने में मुश्किलें आई हैं। ऐसे में PCB का प्रयास अधिक से अधिक खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए आकर्षित करना है, ताकि पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूती मिल सके और घरेलू स्तर पर प्रतिस्पर्धा बढ़ाई जा सके।


