चैंपियन बनी महिला टीम को मिला शानदार इनाम, BCCI ने किया ऐतिहासिक फैसला

0

नई दिल्ली: महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर रविवार (2 नवंबर) को इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इनामों की बरसात कर दी। बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से भी अधिक इनामी राशि देने की घोषणा की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को आईसीसी की ओर से लगभग 39 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली थी, जबकि बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के लिए कुल 51 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का ऐलान किया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “1983 में कपिल देव ने भारत को वर्ल्ड कप जिताकर क्रिकेट में एक नया दौर और हौसला लाया। वही जोश और हौसला आज महिलाओं ने दिखाया है। हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने आज सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं जीती, बल्कि सभी भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने महिला क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी के लिए रास्ता बनाया है… महिला क्रिकेट पहले ही अपने नेकस्ट लेवल पर पहुंच गया था जब हमारी टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया…।”

BCCI का बड़ा ऐलान — विजेता टीम को मिलेगा 51 करोड़ का इनाम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार देवजीत सैकिया ने बताया कि जब जय शाह ने बीसीसीआई की जिम्मेदारी संभाली (2019 से 2024 तक सचिव के रूप में), तब से महिला क्रिकेट में कई अहम बदलाव देखने को मिले। उनके कार्यकाल में महिला खिलाड़ियों की मैच फीस पुरुष खिलाड़ियों के बराबर कर दी गई। हाल ही में, आईसीसी चेयरमैन के रूप में जय शाह ने महिलाओं की प्राइज मनी में 300% की उल्लेखनीय बढ़ोतरी की — पहले यह 2.88 मिलियन डॉलर थी, जिसे अब बढ़ाकर 14 मिलियन डॉलर कर दिया गया है। सैकिया के अनुसार, इन कदमों से महिला क्रिकेट को नई दिशा और बड़ी मजबूती मिली है। इसके साथ ही, बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 51 करोड़ रुपये के विशेष इनाम की घोषणा भी की है।

टीम इंडिया का कारनामा, बना नया अध्याय

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर पहली बार महिला वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में शेफाली वर्मा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता, जबकि पूरे टूर्नामेंट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दीप्ति शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here