नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 58 गेंदों पर 58 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने अपने शानदार स्पैल से विपक्षी टीम की बल्लेबाजी लाइनअप को झकझोर दिया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
दीप्ती को इस टूर्नामेंट के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया और इसके बाद उन्होंने सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह और विराट कोहली की खास लिस्ट में जगह बना ली। यही नहीं दीप्ती किसी आईसीसी फाइनल में प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बनीं वही भारत की तरफ से वो ऐसा करने वाली ओवरऑल चौथी प्लेयर बन गईं।
दीप्ती शर्मा ने बनाई इतिहास की नई इबारत, दिग्गजों की लिस्ट में दर्ज हुआ नाम
दीप्ती शर्मा ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत के लिए 200 से ज्यादा रन बनाए और कुल 22 विकेट झटके। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर वो प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने में कामयाब रहीं और उन्होंने सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह और विराट कोहली का खास लिस्ट में जगह बना ली। दीप्ती से पहले भारत की तरफ से किसी वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब सचिन तेंदुलकर ने साल 2003 में, युवराज सिंह ने साल 2011 में जबकि विराट कोहली ने साल 2023 में जीता था। अब दीप्ती ने इस दिग्गजों के साथ अपना नाम जोड़ लिया।
विश्व कप में भारत के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार विजेता
सचिन तेंदुलकर (2003)
युवराज सिंह (2011)
विराट कोहली (2023)
दीप्ति शर्मा (2025)
फाइनल में पांच विकेट झटकने वाली पहली गेंदबाज़ बनीं दीप्ती शर्मा
दीप्ती शर्मा ने इतिहास रचते हुए भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में पांच विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज़ का गौरव हासिल किया। इससे पहले किसी भी भारतीय—चाहे पुरुष हो या महिला—ने ऐसा कारनामा नहीं किया था। फाइनल मैच में दीप्ती ने अपने शानदार स्पेल में 9.3 ओवर में सिर्फ 39 रन देकर पांच विकेट झटके। यही नहीं, उन्होंने एक ही विश्व कप सीजन में 200 से अधिक रन और 20 से ज्यादा विकेट लेने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनकर अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।


