शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास, दिग्गजों की खास लिस्ट में हुई शामिल

0

नई दिल्ली: जब 2025 वनडे विश्व कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान हुआ था, तब शेफाली वर्मा का नाम चयन सूची में कहीं नहीं था। उस समय किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उन्हें इस टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा। लेकिन किस्मत कब, किस दिशा में करवट ले ले, यह कोई नहीं जानता — और शेफाली की कहानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन गई। ये शेफाली वर्मा की किस्मत ही थी कि भारतीय टीम को ओपनर प्रतिका रावल चोटिल हो गईं और शेफाली की टीम में एंट्री हुई।

सेमीफाइनल में अपनी बैटिंग से निराश करने वाली शेफाली ने फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसा जोरदार प्रदर्शन किया कि वो प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। उन्होंने ना सिर्फ बैटिंग में बल्कि बॉलिंग में भी गदर काटा और प्लेयर ऑफ द मैच बनकर रोहित, कोहली, जडेजा, धोनी, इरफान पठान और मोहिंदर अमरनाथ जैसे दिग्गजों की खास लिस्ट में शामिल हो गईं।

शेफाली ने किया कमाल, अब दिग्गजों के क्लब में दर्ज हुआ नाम

भारतीय महिला टीम ने वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम किया, और इस ऐतिहासिक जीत में शेफाली वर्मा का योगदान निर्णायक रहा। उन्होंने फाइनल मुकाबले में शानदार 87 रनों की पारी खेली और साथ ही 2 महत्वपूर्ण विकेट भी झटके। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर भारत ने साउथ अफ्रीका को मात दी, और शेफाली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

खास बात यह रही कि किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में यह सम्मान पाने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं, जबकि कुल मिलाकर वह ऐसा करने वाली सातवीं भारतीय (महिला और पुरुष दोनों में) क्रिकेटर हैं। भारत की तरफ से आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब शेफाली वर्मा से पहले 1983 में मोहिंदर अमरनाथ, 2007 में इरफान पठान, 2011 में एमएस धोनी, 2013 में रविंद्र जडेजा, 2024 में विराट कोहली, 2025 में रोहित शर्मा जीत चुके हैं। अब शेफाली वर्मा भी इन खिलाड़ियों के साथ इस खास लिस्ट में शामिल हो चुकी हैं।

आईसीसी फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची

1983 – मोहिंदर अमरनाथ (WC)
2007 – इरफ़ान पठान (T20WC)
2011 – एमएस धोनी (WC)
2013 – रवीन्द्र जड़ेजा (CT)
2024 – विराट कोहली (T20WC)
2025 – रोहित शर्मा (CT)
2025 – शेफाली वर्मा (WWC)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here