Nst news, भोपाल। बीडीसीए (स्वर्गीय गोविंद नारायण सिंह “दाऊ साहब” कप) अंडर-15 इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को तीन मुकाबले खेले गए। बाबे अली, फेथ क्लब और डीपीएस मैदान पर हुए इन मैचों में अकीरा क्रिकेट अकादमी, वी.एस. क्रिकेट अकादमी और सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने शानदार जीत हासिल की। बाबे अली मैदान पर अंकुर क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 9 विकेट पर 188 रन बनाए। प्रयाग जरीवाला (49) और सुहान यूसुफ (46 नाबाद) ने अहम योगदान दिया। अकीरा अकादमी की ओर से समर्थ प्रताप ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अकीरा अकादमी ने 45.3 ओवर में 6 विकेट पर 190 रन बनाकर मैच जीत लिया। अर्जुन महाले ने 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि राघव खेर ने 54 रन बनाए।

वी.एस. क्रिकेट अकादमी की 66 रनों से जीत
फेथ मैदान पर वी.एस. क्रिकेट अकादमी और संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी में मुकाबला हुआ। वी.एस. ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 157 रन बनाए। पार्थ दीक्षित ने 52 रन और कृष्णानंश ने 37 नाबाद रन बनाए। गेंदबाजी में संजय गुप्ता अकादमी के वीर प्रताप और अर्णव भंडारी ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में संजय गुप्ता अकादमी 40 ओवर में 91 रन पर ऑल आउट हो गई। अर्णव भंडारी ने 42 रनों की लड़ाकू पारी खेली। वी.एस. की ओर से लक्ष्य सोनी और लकी यादव ने 3-3 विकेट झटके। टीम ने 66 रनों से मैच जीता।

सेंचुरियन अकादमी की 84 रनों से बड़ी जीत
डीपीएस मैदान पर सेंचुरियन अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 8 विकेट पर 149 रन बनाए। अंश मालवीय (34) और अनिमेष सक्सेना (30) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रेलवे गर्वित अकादमी की ओर से अक्षत और अर्णव साहू ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे गर्वित टीम 36.5 ओवर में 65 रन पर सिमट गई। मोहित ने 22 रन का योगदान दिया। सेंचुरियन की ओर से पीयूष सिंह ने 3 और अंश मालवीय ने 2 विकेट झटके। टीम ने 84 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के सफल संचालन पर उपाध्यक्ष व प्रवक्ता डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई दी।


