– ओल्ड कैंपियन ग्राउंड में जुलूस, ढोल–नगाड़े और पोस्टर के साथ मनाया गया उत्सव, कोच सुरेश चेनानी ने भविष्य में विश्व कप प्रतिनिधित्व की आशा जताई
एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता बनने पर अरेरा क्रिकेट अकादमी ने ओल्ड कैंपियन ग्राउंड में विशेष जश्न का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा विजेता टीम का पोस्टर लेकर पूरे मैदान का चक्कर लगाने से हुई। यह नजारा उत्साह, गर्व और ऊर्जा से भरा था। महिला टीम के शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा लेते हुए अकादमी के खिलाड़ियों ने संकल्प लिया कि वे भी निष्ठा, समर्पण और एकाग्रता के साथ अभ्यास करेंगे ताकि भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। कोच सुरेश चेनानी ने कहा कि जिस आत्मविश्वास और जज्बे के साथ भारतीय टीम ने विश्व कप जीता है, वह हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विश्व कप में अरेरा क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी भी भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। जश्न के दौरान अकादमी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ढोल की थाप पर नाचते हुए माहौल को उत्सव में बदल दिया। खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से स्वल्पाहार का वितरण भी किया गया। अरेरा क्रिकेट अकादमी के मुख्य संरक्षक ध्रुव नारायण सिंह, संरक्षक पी.सी. शर्मा, राहुल कोठारी और अरूणेश्वर सिंह देव ने विजेता भारतीय महिला टीम को शुभकामनाएं भेजीं। वहीं कोच सुरेश चेनानी, जमील खान, ज्योतिरादित्य सिंह और सचिव हेमंत कपूर ने भी टीम इंडिया को बधाई दी।


