– इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ
– पहले दिन देर रात तक चले मुकाबले
इन्दौर : भारतीय टेनिस संघ व मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित तथा येलो डायमण्ड व मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित वर्ल्ड टेनिस टूर इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन एमटी 700 मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले सोमवार से इन्दौर टेनिस क्लब में प्रारंभ हुए। पहले दिन हुए मुकाबलों में मध्यप्रदेश के मनीष शिरालकर ने 50 वर्ष आयु वर्ग तथा दीपक साकल्ले ने 40 वर्ष आयु में अपने पहले दौर के मुकाबले जीतकर शानदार आगाज किया। पहले दिन मुकाबले देर रात तक खेले गए।
टूर्नामेंट का शुभारंभ इन्दौर संभाग के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के मुख्य आतिथ्य में तथा संदीप जैन, निदेषक, मोयरा सरिया के विषेष आतिथ्य में हुआ। उन्होंने देश-विदेश से आए मास्टर्स खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके खेलने के जुनून की सराहना की। साथ ही रंगीन गुब्बारे छोड़कर स्पर्धा के शुभारंभ की घोषणा मुख्य अतिथि ने की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन, भारतीय टेनिस महासंघ के सचिव अनिल धूपर, इन्दौर टेनिस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गढ़ा, आईटीसी ट्रस्टी अभिमन्यु सिंह गढ़ा, बी.एस. छाबड़ा, टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर, मुख्य रैफरी एंटोन डिसूजा उपस्थित थे। संचालन साजिद लोदी ने किया।
इंदौर टेनिस क्लब में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में पहले दिन देर रात तक मुकाबले खेले गए। पहले दिन म.प्र. की चुनौती रख रहे 50 वर्ष आयु में मनीष शिरालकर ने शेखर सुब्रमन्यम को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से पराजित किया। दोनों ही सेट में मनीष ने अपना दबदबा बनाए रखा और आसानी से जीत हासिल की। इसी तरह 40 वर्ष आयु के मुकाबले में मध्यप्रदेश के दीपक साकल्ले ने अनिल को थोड़े संघर्ष के बाद 7-6(5), 6-3 से पराजित कर अगले दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
30 वर्ष आयु वर्ग में म.प्र. के पृथ्वीराज चौधरी को हार का सामना करना पड़ा। पहले दौर के मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त सिद्धार्थ रेड्डी ने कड़े मुकाबले में पृथ्वीराज को 6-4, 5-7, 10-3 से शिकस्त दी। वहीं म.प्र. के ही चेतन सांघी को भी पहले दौर में हार मिली। सुरेश कुमार पाल ने आसान मुकाबले में चेतन को 6-0, 6-1 से हराया।
30 वर्ष आयु के पहले दौर के मुकाबलों में तीसरी वरीयता प्राप्त भारत के मानवीर रंधावा ने प्रोसोमित पाल को 4-6, 6-3, 10-8 से, राजु मुथुकृष्णन ने जगनमाया पाणीग्रही को 2-6, 6-2, 10-7 से, संग्राम कोतवाल ने आदित्य राजन को 6-4, 6-3 से पराजित किया।
35 वर्ष आयु के पहले दौर के मुकाबलों में दूसरी वरीयता प्राप्त चांद शेख ने राहुल लोधा को 6-3, 6-1 से, हर्ष वर्धन थिरानी ने अमेरिका के रौनक मेहता को 7-5, 6-5 से, दिनेश कुमार ने संबित प्रधान को 6-0, 6-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
40 वर्ष आयु के पहले दौर के मुकाबलों में चौथी वरीयता प्राप्त बद्री विशाल ने नीलेश कुमार गुप्ता को 6-1, 6-1 से, पांचवीं वरीयता प्राप्त पुनार भसीन ने म्रुगेश कोठारी को 6-3, 6-3 से, शालिन भट्ट ने अनमोल शर्मा को 6-0, 6-0 से हराया।
45 वर्ष आयु वर्ग के प्रथम दौर में दूसरी वरीयता प्राप्त स्वणदीप सिंह ढोढी ने रोहन भसीन को 6-2, 7-5 से, सातवीं वरीयता प्राप्त चंद्रशेखर वी ने रमेश कटारिया को 6-2, 6-0 से तथा छठीं वरीयता प्राप्त भरत परमार ने कौस्तव रे को 6-1, 6-0, प्रदेष के अजय स्वामी ने सुदीप साहो को 6-0, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
50 वर्ष आयु के पहले दौर के मुकाबलों में सातवीं वरीयता प्राप्त गौतम गाड़गिल ने प्रेम कुमार अरोरा को 7-5, 6-4 से, सचिन भास्करन ने रूचिर बंसल को 6-2, 6-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।


