नई दिल्ली : राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार (4 नवंबर) को अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर चयन समिति ने किया। टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को सौंपी गई है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में संजू सैमसन की जगह खेलते हुए प्रभावित किया था। उनके साथ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह मिली है, जबकि रमनदीप सिंह को भी चयनकर्ताओं ने शामिल किया है। हालांकि, आयुष म्हात्रे को टीम में मौका नहीं दिया गया।
आशुतोष शर्मा को भी मिला मौका, चयनकर्ताओं ने जताया भरोसा
इंडिया ए के स्क्वाड में 15 खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें प्रियांश आर्य, नेहल वढेरा और नमन धीर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। आशुतोष शर्मा को भी मौका मिला है। वैकअप विकेटकीपर के तौर इशान पोरेल टीम में हैं। यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य और युद्धवीर सिंह चरक तेज गेंदबाजी के विकल्प हैं। स्टैंड बाय में 5 खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें समीर रिजवी और शेख रशीद जैसे युवा खिलाड़ी हैं।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए की टीम
प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वढेरा, नमन धीर (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, जितेश शर्मा (कप्तान) (विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुयश शर्मा।
स्टैंड-बाय खिलाड़ी
गुरनूर सिंह बरार, कुमार कुशाग्र, तनुश कोटियन, समीर रिजवी, शेख रशीद।
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान की टक्कर 16 नवंबर को
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 14 से 23 नवंबर 2025 तक दोहा के वेस्ट एंड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में इंडिया ‘ए’ को ग्रुप बी में ओमान, यूएई और पाकिस्तान ‘ए’ के साथ रखा गया है। इसका मतलब है कि एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों टीमों की भिड़ंत रविवार, 16 नवंबर को होगी, जबकि भारत अपना पहला मैच 14 नवंबर को खेलेगा।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत का शेड्यूल
| दिन | तारीख | प्रतिद्वंद्वी |
| शुक्रवार | 14 नवंबर | संयुक्त अरब अमीरात |
| रविवार | 16 नवंबर | पाकिस्तान ए |
| मंगलवार | 18 नवंबर | ओमान |


