नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 का विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। इस समय भारतीय महिला टीम और उसकी खिलाड़ियों के नाम हर किसी की जुबां पर हैं। इस बीच, पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर शांता रंगास्वामी का हरमनप्रीत कौर से कप्तानी छोड़ने की अपील भी चर्चा का विषय बन गई है। अगर हरमनप्रीत कौर महिला टीम की कप्तानी छोड़ती हैं, तो कौन सी खिलाड़ी इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार हो सकती हैं?
हरमनप्रीत कौर इस समय भारत की सबसे अनुभवी महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं। वह 2009 से इस टीम का हिस्सा रही हैं और उनकी उम्र 36 साल से ऊपर है। करियर और उपलब्धियों के लिहाज से उनका कोई मुकाबला नहीं है। हालांकि, बढ़ती उम्र के कारण वह खुद भी जानती हैं कि वह अधिक समय तक खेल नहीं पायेंगी, शायद अगले 2-3 सालों तक ही उनका करियर जारी रह सकता है। ऐसे में शांता रंगास्वामी का बयान ध्यान में रखा जा सकता है।
शांता रंगास्वामी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के बाद कहा कि जैसे पुरुष टीम में भविष्य को देखते हुए रोहित शर्मा को हटाकर शुभमन गिल को कप्तानी दी गई, ठीक उसी तरह महिला क्रिकेट में भी बदलाव होना चाहिए। उनके अनुसार, हरमनप्रीत कौर को खुद स्मृति मंधाना को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए, जो इस समय टीम की उपकप्तान हैं।
हरमनप्रीत कौर की जगह कप्तान बनने के लिए ये तीन खिलाड़ी हैं दावेदार
1- स्मृति मंधाना
इस सूची में भारतीय महिला टीम की कप्तानी की रेस में सबसे आगे स्मृति मंधाना का नाम है। इसका कारण यह है कि स्मृति लंबे समय से हरमनप्रीत कौर के साथ टीम की उपकप्तान रही हैं। इसके अलावा, वह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में महिला क्रिकेट की सबसे बेहतरीन बैटर मानी जाती हैं, और इसमें कोई संदेह नहीं है। अगर हरमनप्रीत कौर कप्तानी छोड़ती हैं, रिटायरमेंट लेती हैं, या बीसीसीआई महिला टीम से उन्हें हटाती है, तो स्मृति मंधाना यह जिम्मेदारी संभाल सकती हैं।
2- दीप्ति शर्मा
भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर और वर्तमान में महिला क्रिकेट की नंबर 1 ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी कप्तानी की रेस में शामिल हैं। वह हरमनप्रीत कौर के बाद टीम की दूसरी सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। वर्ल्ड कप में भी वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रह चुकी हैं। इसके अलावा, महिला प्रीमियर लीग में वह कप्तानी कर चुकी हैं। इन सब कारणों से, उन्हें स्मृति मंधाना के बाद कप्तानी के लिए दूसरी सबसे बड़ी दावेदार माना जा सकता है।
3- जेमिमा रोड्रिग्स
भारतीय महिला टीम को वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में शानदार जीत दिलाने वाली जेमिमा रोड्रिग्स के लिए अब टीम में लीडरशिप रोल मिलने का सही समय है। वह भी कप्तानी की रेस में शामिल हो सकती हैं। अगर कप्तानी के दावेदारों की बात करें तो स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के अलावा उनका नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। इसके अलावा, अगर स्मृति कप्तान बनती हैं तो जेमिमा या दीप्ति में से किसी को उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।


