नई दिल्ली : आईसीसी ने बुधवार, 5 नवंबर को इस हफ्ते की ताजातरीन रैंकिंग जारी की। इस बार भी टी20 इंटरनेशनल में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का दबदबा कायम रहा है। वहीं, रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट के नंबर 1 बल्लेबाज बने हुए हैं। इसके अलावा, भारतीय कप्तान शुभमन गिल और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को अपनी रैंकिंग में गिरावट का सामना करना पड़ा है।
अभिषेक शर्मा लंबे समय से टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर बने हुए हैं। वहीं, पिछले हफ्ते पहली बार वनडे इंटरनेशनल में नंबर 1 बल्लेबाज बने रोहित शर्मा भी अपनी शीर्ष स्थिति पर बने हुए हैं। इसके अलावा, वनडे गेंदबाजों की सूची में कुलदीप यादव को फायदा हुआ है और उन्होंने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है।
गिल और बाबर आजम की रैंकिंग में हुआ नुकसान
शुभमन गिल वनडे रैंकिंग में एक स्थान और नीचे खिसक गए हैं, और अब वह नंबर 3 से नंबर 4 पर आ गए हैं। वहीं, पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम को नंबर 4 से नंबर 5 पर गिरावट आई है। इसके अलावा, विराट कोहली अपनी नंबर 6 की पोजीशन पर बने हुए हैं, जबकि टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर नंबर 9 पर कायम हैं।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर तो अभिषेक हैं वहीं उनके अलावा तिलक वर्मा नंबर 3 के स्थान पर काबिज हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव की पोजीशन में भी खास बदलाव नहीं हुआ है और वह नंबर 8 पर बने हुए हैं। टी20 गेंदबाजों की लिस्ट में वरुण चक्रवर्ती नंबर 1 पर बरकरार हैं। मगर उनके अलावा कोई भी टॉप 10 में भारतीय गेंदबाज नहीं है।
टीम रैंकिंग की बात करें तो भारत वनडे और टी20 दोनों में नंबर 1 की पोजीशन पर बरकरार है। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई वनडे में नंबर 1 पर हैं, जबकि पाकिस्तान के सईम अय्यूब टी20 में टॉप रैंक पर हैं। इस हफ्ते टेस्ट क्रिकेट में ज्यादा मुकाबले नहीं खेले गए, इसलिए इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।


