नई दिल्ली: भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा चौथे टी20आई मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन लय में नजर आए, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए। उन्होंने शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन जुटाए, लेकिन एडम जंपा की गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। उस समय अभिषेक 21 गेंदों में 28 रन बना चुके थे और शानदार टाइमिंग से खेल रहे थे, जिससे उनके एक बड़ी पारी खेलने की उम्मीदें बढ़ गई थीं।
अभिषेक शर्मा ने अपनी इस पारी में एक छक्का और तीन चौके जड़ते हुए 133.33 का स्ट्राइक रेट बनाए रखा। चौथे मैच में लगाए गए इस एक छक्के के साथ ही उन्होंने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। अभिषेक ने वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज एविन लुईस को पीछे छोड़ते हुए एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब वह बतौर ओपनर टी20 इंटरनेशनल की शुरुआती 25 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, जो उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज़ और निरंतर प्रदर्शन का प्रमाण है।
टी20आई की शुरुआती 25 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने बतौर ओपनर अब तक टी20 इंटरनेशनल की शुरुआती 25 पारियों में कुल 64 छक्के जड़ दिए हैं, जिसके साथ ही वे इस सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज एविन लुईस के नाम था, जिन्होंने अपनी शुरुआती 25 पारियों में 60 छक्के लगाए थे। अब अभिषेक ने लुईस को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जबकि लुईस इस सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
T20I में बतौर ओपनर 25 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
अभिषेक शर्मा- 64 छक्के
एविड लुईस- 60 छक्के
कॉलिन मुनरो- 58 छक्के
हजरतुल्लाह जजई- 54 छक्के
क्रिस गेल- 51 छक्के
केएल राहुल- 47 छक्के
ट्रेविस हेड- 43 छक्के
अभिषेक शर्मा ने अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 27 पारियों में बल्लेबाजी की है, जिनमें से दो पारियों में उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की थी। नंबर तीन पर खेलते हुए अभिषेक ने टी20आई में सिर्फ एक छक्का लगाया था। अब तक अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में वह कुल 65 छक्के जड़ चुके हैं। अभिषेक ने अब तक 28 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अपने दमदार शॉट्स के लिए पहचान बनाई है।


