एलएनसीटी में आरजीपीवी राज्यस्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट संपन्न, भोपाल नोडल ने जीते महिला और पुरुष दोनों खिताब

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी कैंपस में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित आरजीपीवी राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का समापन मंगलवार को हुआ। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में भोपाल नोडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में भोपाल नोडल ने उज्जैन नोडल को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में जबलपुर नोडल ने ग्वालियर नोडल को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। निर्णायक मुकाबले में भोपाल नोडल की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए जबलपुर को 2-0 से पराजित कर खिताब हासिल किया।

महिला वर्ग के फाइनल में भी भोपाल नोडल ने अपना दबदबा बनाए रखा और इंदौर नोडल की टीम को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में भोपाल की दोनों टीमों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। समापन समारोह में स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन, इंदौर नोडल अधिकारी जमील खान और स्पर्धा सचिव महेश सोधिया ने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। पुरुष वर्ग में बेस्ट अटैकर का पुरस्कार शयन सिंह (भोपाल), बेस्ट लिबरो अविनाश कुमार झा (भोपाल) और बेस्ट सेटर लक्ष्य राजपूत (जबलपुर) को मिला।महिला वर्ग में बेस्ट अटैकर निधि पटवा (भोपाल), बेस्ट लिबरो दीपिका (इंदौर) और बेस्ट सेटर आशी राठौर (भोपाल) को चुना गया। कार्यक्रम में विभिन्न नोडलों से आए खेल अधिकारियों और ऑफिशियल्स को भी सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट का संचालन खेल अधिकारी मुकेश त्रिपाठी ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here