एनएसटी न्यूज, भोपाल। सेज यूनिवर्सिटी और खेल संदेश कल्याण समिति द्वारा आयोजित टी-20 कॉर्पोरेट लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार का दिन रोमांच से भरा रहा। केएससी के बल्लेबाज निवेद मिश्रा ने टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक जड़ते हुए केवल 51 गेंदों में 103 रन बनाए। उनकी पारी में 12 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केएससी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। निवेद मिश्रा के अलावा रियान नेमा ने 18 रन और शैलेंद्र ने 12 रन का योगदान दिया। भोपाल टाइगर्स की ओर से आशुतोष ने 2 विकेट झटके, जबकि अमन, अर्पित, अपूर्व और कृष्नेंद्र कोचर को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल टाइगर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16.3 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आशुतोष ने 40 रन, अमन सिसोदिया ने 38, शुभम भट्टाचार्य ने 19, कृष्नेंद्र कोचर ने 17 और शिवम ने 14 रन बनाए। केएससी की ओर से संस्कार ने 2 विकेट लिए, जबकि पी. सी. रजक और निवेद मिश्रा को एक-एक विकेट मिला। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आशुतोष लोया को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

