ऑस्ट्रेलियन ओपन: सात्विक-चिराग पर होगी नजर, लक्ष्य और प्रणय करेंगे मुकाबला

0

सिडनी: सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी पर मंगलवार से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में सबकी नजरें रहेंगी। ये दोनों खिलाड़ी सत्र का अपना पहला खिताब जीतने का प्रयास करेंगे। जबकि भारत के एकल खिलाड़ी अपनी लय हासिल करने में संघर्ष कर रहे हैं, सात्विक और चिराग की जोड़ी से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

सात्विक-चिराग ने दिखाई शानदार खेल क्षमता

भारतीय खिलाड़ियों का इस सत्र में प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन सात्विक और चिराग ने कुछ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट खेल दिखाया। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में दूसरा कांस्य पदक जीता और हांगकांग सुपर 500 तथा चाइना मास्टर्स सुपर 750 में उपविजेता बने। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन का पहला मुकाबला चीनी ताइपे की जोड़ी चांग को-ची और पो ली-वेई के खिलाफ होगा।

चोटों और खराब फॉर्म से जूझ रहे भारत के एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय अपने प्रदर्शन में निरंतरता लाने की कोशिश करेंगे। लक्ष्य पिछले सप्ताह जापान ओपन के सेमीफाइनल में हार गए थे। ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनका पहला मुकाबला चीनी ताइपे के सु ली यांग से होगा। प्रणय की इस टूर्नामेंट में पिछले साल उपविजेता रहे थे लेकिन फिलहाल वह भी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह पहले दौर में कनाडा के ब्रायन यांग का सामना करते हुए पूरी लय हासिल करना चाहेंगे।

श्रीकांत का मुकाबला लिन चुन सी के खिलाफ

इस वर्ष मलयेशिया मास्टर्स में उपविजेता रहे अनुभवी किदांबी श्रीकांत का मुकाबला पांचवें वरीय लिन चुन-यी से होगा, जबकि यूएस ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी मलेशिया के जस्टिन होह से भिड़ेंगे। अन्य भारतीय खिलाड़ियों में किरण जॉर्ज का सामना छठी वरीयता प्राप्त केंटा निशिमोतो से होगा, जबकि थारुण मन्नेपल्ली डेनमार्क के मैग्नस जोहानसन के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में प्रभावशाली प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।

महिला एकल में आकर्षि कश्यप भारतीय टीम की एकमात्र प्रतिभागी हैं, लेकिन उन्हें शीर्ष वरीय और ओलंपिक चैंपियन एन से यंग के खिलाफ कठिन चुनौती का सामना करना होगा। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद चोट से लंबी अवधि बाद वापसी कर रही हैं। महिला युगल में उनका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की जोड़ी यान फेई चेन और लियांग चिंग सुन से होगा। मिश्रित युगल में मोहित जागलान और लक्षिता जागलान कनाडा के नाइल याकुरा और क्रिस्टल लाई के खिलाफ उतरेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here