एनएसटी न्यूज, भोपाल। टोक्यो में आयोजित 25वीं समर डेफलंपिक में मध्यप्रदेश के निशानेबाज कुशाग्र सिंह राजावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कुशाग्र ने प्रतियोगिता में जिस धैर्य, संतुलन और तकनीक का परिचय दिया, उसने देश और प्रदेश दोनों का मान बढ़ाया। एमपी शूटिंग अकादमी खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धतियां और अनुभवी कोच उपलब्ध कराती है। कुशाग्र की इस उपलब्धि में अकादमी के प्रशिक्षकों, तकनीकी विशेषज्ञों और सपोर्ट स्टाफ की मेहनत भी शामिल रही। निरंतर मूल्यांकन और उच्च स्तरीय अभ्यास ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का आत्मविश्वास दिया।
मंत्री सारंग ने दी बधाई
सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कुशाग्र को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी ने अनुशासन और एकाग्रता से अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि ऐसी सफलताएं यह साबित करती हैं कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से विश्व पटल पर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया जा सकता है।


