नई दिल्ली: इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज समाप्त हो गई, जिसमें तिलक वर्मा की कप्तानी में भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की। हालांकि तीसरे मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को सबसे अधिक रन बनाने के चलते प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
अभिषेक, तिलक, इशान और नितीश का बल्ला खामोश, कोई नहीं लगा सका अर्धशतक
इस वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, इशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी जैसे धुरंधर प्लेयर को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया, लेकिन इन खिलाड़ियों को प्रदर्शन औसत ही रहा। कमाल की बात ये रही कि ये सारे दिग्गज इस वनडे सीरीज में एक अर्धशतक तक नहीं लगा पाए। अभिषेक शर्मा ने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ तीन मैचों में कुल 74 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 32 रहा। वहीं, तिलक वर्मा ने इसी सीरीज में तीन मैचों में 79 रन जोड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 39 रहा। दोनों मिलकर भी इस वनडे सीरीज में केवल 153 रन ही बना सके, जो अकेले ऋतुराज गायकवाड़ के कुल रन से काफी कम है।
इस वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ ने तीन मैचों में सबसे अधिक 210 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उनका सर्वोच्च स्कोर 117 रन रहा और वे भारत की ओर से इस सीरीज में शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज बने। दूसरी ओर, इशान किशन का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा और उन्होंने तीन मैचों में केवल 70 रन ही जोड़े। नितीश रेड्डी भी पूरी तरह फ्लॉप रहे—उन्होंने पहले दो मैचों में मिलाकर सिर्फ 37 रन बनाए। तीसरे मुकाबले में वे इसलिए नहीं खेले क्योंकि वह भारतीय टेस्ट टीम से जुड़कर साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट की तैयारी में शामिल हो गए थे।


