नई दिल्ली: दिग्गज ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 मेगा ऑक्शन (WPL 2026 Mega Auction) में मार्की सेट में शामिल आठ खिलाड़ियों में से दो भारतीय खिलाड़ी हैं। इनके अलावा मार्की सेट में सोफी डिवाइन, सोफी एक्लेस्टोन, एलिसा हीली, मेग लैनिंग, अमेलिया केर और लॉरा वोल्वार्ड्ट जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे भी शामिल हैं।
मार्की सेट में शामिल खिलाड़ियों में से केवल रेणुका सिंह (40 लाख रुपये) और लॉरा वोल्वार्ड्ट (30 लाख रुपये) ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये से कम रखा है। डब्ल्यूपीएल 2026 ऑक्शन के लिए कुल 277 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि उपलब्ध कुल स्लॉट की संख्या 73 है। 27 नवंबर को दिल्ली में होने वाले ऑक्शन में कुल 83 विदेशी खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है और वे 23 विदेशी स्लॉट के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
यूपी वॉरियर्स के पास चार RTM खिलाड़ी
दिलचस्प तथ्य यह है कि मार्की सेट में शामिल तीन खिलाड़ी—दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और एलिसा हीली—पहले यूपी वॉरियर्स (UPW) के लिए खेल चुकी हैं। टीम के पास चार राइट टू मैच (RTM) विकल्प उपलब्ध हैं। यूपी वॉरियर्स ने श्वेता सेहरावत को ही एकमात्र अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया है। वहीं, गुजरात जायंट्स (GG) के लिए पहले तीन सीजन खेलने वाली बैटर हरलीन देओल ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये के सबसे ऊँचे श्रेणी में और कैप्ड ऑलराउंडर्स की सूची में रखा है।
लिचफील्ड का बेस प्राइस भी 50 लाख रुपये
गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकीं ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड का भी बेस प्राइस 50 लाख रुपये है। टीम पहले ही दो विदेशी खिलाड़ियों बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर को रिटेन कर चुकी है, इसलिए वह लिचफील्ड के लिए आरटीएम का इस्तेमाल नहीं कर सकती। राधा यादव, स्नेह राणा, ग्रेस हैरिस, चिननेल हेनरी और एन श्री चरणी कैप्ड ऑलराउंडर्स के सेट में शामिल हैं। उस सेट में देओल को छोड़कर सभी खिलाड़ियों का बेस प्राइस 30 लाख रुपये है।
उमा छेत्री और क्रांति गौड़ का बेस प्राइस 50 लाख रुपये
वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की बैकअप विकेटकीपर रहीं असम की उमा छेत्री और ऑलराउंडर क्रांति गौड़ ने 50 लाख रुपये के सबसे ऊंचे ब्रैकेट में अपना लिस्ट किया है। ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग (40 लाख रुपये), भारत की आशा सोभना और प्रिया मिश्रा (दोनों 30 लाख रुपये) और साथ ही साइका इशाक (30 लाख रुपये) स्पिनर्स के पहले सेट का हिस्सा हैं, जो छठा सेट है।
ताहलिया मैकग्राथ और सोफी मोलिनक्स शामिल नहीं
ऑस्ट्रेलिया की 23 खिलाड़ियों में यूपी वॉरियर्स के लिए खेलने वाली ताहलिया मैकग्राथ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की सोफी मोलिनक्स शामिल नहीं हैं। इसके अलावा ऑक्शन पूल में इंग्लैंड की 22, न्यूजीलैंड की 13 और साउथ अफ्रीका की 11 खिलाड़ी हैं। श्रीलंका की तीन खिलाड़ी चमारी अट्टापट्टू, हर्षिता समरविक्रमा और लेफ्ट-आर्म स्पिनर इनोका राणावीरा शािल हैं। अट्टापट्टू पिछले सीजन में यूपी वॉरियर्स का हिस्सा थीं।
एसोसिएट टीमों के चार खिलाड़ियों की सूची
लेफ्ट-आर्म स्पिनर थिपाचा पुथावोंग थाईलैंड की एकमात्र प्रतिनिधि खिलाड़ी हैं, जबकि अमेरिका की तारा नोरिस भी शामिल हैं। तारा नोरिस डब्ल्यूपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की तरफ़ खेल चुकी हैं और यह लीग में पांच विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बनी थीं। यूएई की कप्तान ईशा ओजा और विकेटकीपर तीर्था सतीश भी एसोसिएट टीमों की चार खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। आयरलैंड और स्कॉटलैंड की कोई खिलाड़ी इस बार सूची में नहीं है, हालांकि स्कॉटलैंड की विकेटकीपर सारा ब्राइस पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थीं।
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के पास RTM सुविधा नहीं
यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स डब्ल्यूपीएल 2026 के ऑक्शन में सबसे अधिक पर्स के साथ उतरेंगी, क्रमशः 14.50 करोड़ रुपये और 9 करोड़ रुपये। इसके बाद आरसीबी का पर्स 6.15 करोड़ रुपये, मुंबई इंडियंस का 5.75 करोड़ रुपये और दिल्ली कैपिटल्स का 5.70 करोड़ रुपये है। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है और उनके पास कोई RTM विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।


