टोक्यो/नई दिल्ली : राइफल शूटर महित संधू ने टोक्यो में जारी 25वें समर डेफलिम्पिक्स में 50एम राइफल प्रोन इवेंट में रजत पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या तीन कर ली। महित ने फाइनल में पहुंचने के रास्ते में क्वालिफिकेशन में डेफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ा।
फाइनल में उन्होंने 246.1 का स्कोर कर रजत पदक जीता, जबकि चेकिया की एलिस्का स्वोबोडोवा ने 247.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। हंगरी की मीरा ज़ुज़ाना बिआटोवस्की ने 225.0 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। फाइनल में भारत की दूसरी निशानेबाज़ नताशा जोशी शूट-ऑफ के बाद बाहर हो गईं और आठवें स्थान पर रहीं।
फाइनल में महित 14 शॉट पूरे होने के बाद चौथे स्थान पर थीं। अगले दो शॉट की सीरीज़ में उन्होंने यूक्रेन की वायोलेटा लाइकोवा को पीछे छोड़ते हुए कांस्य पदक पोज़िशन हासिल कर ली और 20 शॉट्स तक उसी स्थान पर बनी रहीं। इसके बाद उन्होंने अगली सीरीज़ में 9.8 और 10.2 शूट किए, जबकि हंगरी की निशानेबाज़ के 9.4 और 9.8 के स्कोर ने भारतीय निशानेबाज़ को रजत पदक पोज़िशन में पहुंचा दिया। महित ने फाइनल के आखिरी दो शॉट्स में 10.0 और 10.7 मारे, लेकिन स्वोबोडोवा के लगातार 10s में आए शॉट्स के आगे कुल स्कोर में उनसे आगे नहीं निकल सकीं।
क्वालिफिकेशन में महित ने छह सीरीज़ में 619.7 का स्कोर कर नया डेफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वहीं नताशा जोशी ने 611.6 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। भारत ने टोक्यो डेफलिम्पिक्स में शूटिंग में अब तक कुल 12 पदक जीत लिए हैं, जिनमें से तीन पदक अकेले महित ने जीते हैं। उन्होंने इससे पहले 10एम मिक्स्ड टीम में स्वर्ण और 10 एम व्यक्तिगत इवेंट में रजत पदक जीता था।


