नई दिल्ली: विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर 2025 को होने वाली थी। लेकिन समारोह से कुछ घंटे पहले ही दोनों परिवारों के साथ ऐसी घटनाओं का सिलसिला शुरू हो गया, जिसने उत्सव का माहौल चिंता में बदल दिया। सबसे पहले स्मृति के पिता की अचानक से तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद तनाव के चलते पलाश भी अस्पताल ले जाए गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बीच सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और हटाई गई इंस्टाग्राम पोस्टों ने स्थिति को और जटिल बना दिया। इन घटनाओं ने न केवल शादी को स्थगित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भारी चर्चा और सुर्खियां भी पैदा कर दीं। शादी के दिन अचानक बदलते हालातों ने दोनों परिवारों को गहरे भावनात्मक तनाव में डाल दिया।
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर को सांगली में होनी थी। हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी सभी रस्में पहले ही संपन्न हो चुकी थीं। परिवार और करीबियों के बीच खुशी का माहौल था, लेकिन शादी से कुछ घंटे पहले ही स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई। नाश्ता करते समय उन्हें गंभीर असहजता महसूस हुई और बाद में हार्ट-अटैक जैसे लक्षण सामने आए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीनिवास मंधाना को तुरंत सर्वहित अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि उनकी यह स्वास्थ्य समस्या संभवतः शादी की तैयारियों से जुड़ा शारीरिक और मानसिक तनाव का नतीजा थी। इससे पहले उन्हें परिवार के साथ डांस करते और इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए देखा गया था।
पलाश मुच्छल की तबीयत भी बिगड़ी, तनाव बना मुख्य वजह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्मृति के पिता की हालत बिगड़ने की खबर सुनते ही पलाश मुच्छल भावनात्मक रूप से टूट गए। उनकी मां, अमिता मुच्छल के अनुसार, “पलाश का अंकल (स्मृति के पिता) से बहुत गहरा रिश्ता है… स्मृति से भी ज्यादा उनकी बॉन्डिंग है। खबर सुनते ही वह रोते-रोते बेचैन हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई।” पलाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका IV ड्रिप, ECG और अन्य जांचें की गईं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लेकिन डॉक्टरों ने माना कि पलाश बेहद उच्च स्तर के तनाव में हैं। अमिता मुच्छल ने यह भी बताया कि शादी रोकने का निर्णय सबसे पहले पलाश ने खुद लिया, ‘वह कहने लगा कि फेरे तब तक नहीं होंगे, जब तक अंकल ठीक नहीं हो जाते।’
स्मृति मंधाना ने इंस्टाग्राम से हटाईं शादी से जुड़ी पोस्टें
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर नई हलचल तब पैदा हुई जब लोग देख सकते थे कि स्मृति मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम से शादी से जुड़े सभी पोस्ट हटा दिए हैं, जिनमें हल्दी, मेहंदी, सगाई और प्रपोजल जैसी तस्वीरें और वीडियो शामिल थे। हालांकि, उन्होंने अपने और पलाश के पुराने पोस्ट जैसे जन्मदिन की तस्वीरें और अन्य यादगार फोटो नहीं हटाए। इससे स्पष्ट होता है कि यह कदम किसी निजी विवाद के कारण नहीं, बल्कि परिवार की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।
पलाश मुच्छल ने भी अपनी प्रोफाइल से शादी से जुड़ी नई पोस्ट हटाईं, लेकिन पुरानी पोस्ट जस की तस रखीं। इससे संकेत मिलता है कि यह फैसला संभवतः परिवार की परिस्थितियों और अनचाही अफवाहों को शांत करने के लिए लिया गया। शादी से जुड़ी पोस्ट हटाने के कदम के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कई तरह के कयास लगाए, जिन्हें बाद में परिवार ने खारिज कर दिया।
अफवाहों पर विराम: पलाश मुच्छल का स्पष्टीकरण
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अफवाहों और बढ़ती ट्रोलिंग के बीच, पलाश मुच्छल की बहन पलक मुच्छल ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट संदेश दिया, “स्मृति के पिता की तबीयत के कारण शादी को फिलहाल स्थगित किया गया है। कृपया दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें।”
परिवार की उम्मीद: शादी जल्द ही होगी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमिता मुच्छल ने स्पष्ट किया कि यह समय भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा और शादी जल्द ही होगी। स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल फिलहाल अपने-अपने परिवारों के साथ हैं और स्थिति के सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। दोनों परिवारों ने यह भी स्पष्ट किया कि शादी केवल ‘स्थगित’ हुई है, रद्द नहीं, और जैसे ही स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियां बेहतर होंगी, नई तारीख की घोषणा की जाएगी।

