साउथ अफ्रीका ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का 31 साल पुराना रिकॉर्ड, भारत में रचा बड़ा कारनामा

0

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो आज तक कोई और टीम नहीं कर सकी थी। टेम्बा बावुमा की कप्तानी में प्रोटिया टीम ने करीब 31 साल पुराने ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इतिहास रच दिया। दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका पहले ही जीत चुकी है, और अब दूसरा टेस्ट भी लगभग उसके कब्जे में नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि टीम इंडिया को आखिरी पारी में रिकॉर्ड रन बनाकर मैच बचाने की चुनौती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत चमत्कार कर पाता है या फिर साउथ अफ्रीका टीम इंडिया को सूपड़ा साफ कर श्रृंखला पर कब्जा जमाती है।

भारत में किसी टीम की अब तक की सबसे बड़ी पारी की बढ़त

टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीकी टीम ने भारत के सामने एक बेहद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा कर दिया है। शायद टीम को इस रिकॉर्ड का अंदाजा नहीं था, लेकिन उन्होंने इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए भारत के खिलाफ 548 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। यह भारत में किसी भी टीम द्वारा दूसरी पारी में ली गई अब तक की सबसे बड़ी बढ़त है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिन्होंने 2004 में नागपुर में भारत के खिलाफ 542 रनों की बढ़त बनाई थी। अब इस रिकॉर्ड को साउथ अफ्रीका ने अपने नाम कर लिया है।

दूसरी पारी में भी साउथ अफ्रीका ने दिखाई शानदार बल्लेबाजी

साउथ अफ्रीका की टीम ने मैच की शुरुआत में बल्लेबाजी करते हुए 489 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में टीम इंडिया केवल 201 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 260 रन बनाए और फिर पारी घोषित कर दी। अब टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 549 रन का लगभग असंभव लक्ष्य है। ऐसे में यह देखना रोमांचक होगा कि क्या भारतीय टीम इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पूरा करने के लिए आक्रामक बल्लेबाजी करेगी या फिर ड्रॉ बचाने के लिए सुरक्षित खेलना शुरू कर देगी।

ट्रिस्टन स्टब्स का शतक अधूरा रहा

साउथ अफ्रीका की टीम ने पारी घोषित करने से पहले लंबा इंतजार इसलिए किया, क्योंकि ट्रिस्टन स्टब्स शतक की दहलीज पर थे। लेकिन शतक पूरा करने से पहले ही वह आउट हो गए। इसके बाद कप्तान टेम्बा बावुमा ने बिना और देर किए पारी घोषित कर दी। स्टब्स ने 180 गेंदों का सामना करते हुए 94 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और नौ चौके शामिल थे। इससे पहले टोनी डी जोरजी 49 रन बनाकर आउट हुए, वे भी अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here