रोमांचक जीत: कोहली की सेंचुरी चमकी, कुलदीप के 4 विकेट, भारत 17 रन से विजयी

0

नई दिल्ली: रांची में खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले रोमांचक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने विराट कोहली के दमदार 135 रनों, रोहित शर्मा के 57 रन और केएल राहुल के 60 रनों की बदौलत 350 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने अच्छी शुरुआत के बावजूद भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए और 332 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

भारत की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप यादव सबसे प्रभावशाली रहे और उन्होंने 4 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा हर्षित राणा ने 3 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट हासिल किए। प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में भी एक सफलता दर्ज हुई। हाल ही में भारतीय टीम को अपने ही घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से करारी हार झेलनी पड़ी थी, ऐसे में यह वनडे सीरीज भारत के लिए काफी अहम मानी जा रही थी। इस जीत ने न केवल टीम के मनोबल को मजबूत किया बल्कि सीरीज में बढ़त लेकर भारत ने शानदार वापसी का संकेत भी दे दिया।

साउथ अफ्रीका की पारी: अच्छी शुरुआत, लेकिन अंत में ढही बाज़ी

350 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के दूसरे और अपने पहले ओवर में ही हर्षित राणा ने दो बड़े विकेट गिराकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले रयान रिकल्टन को आउट किया और फिर इसी ओवर में क्विंटन डिकॉक को भी पवेलियन भेज दिया। तब मेहमान टीम का स्कोर मात्र 7 रन था। पाचंवे ओवर में मार्करम भी अर्शदीप सिंह की गेंद पर चलते बने। हालांकि इसके बाद जोर्जी और मैथ्यू ने पारी को संभालने की कोशिश करते हुए बढ़िया साझेदारी की, लेकिन 15वें ओवर में कुलदीप यादव ने साझेदारी तोड़ते हुए जोर्जी का विकेट झटक लिया। इसके बाद ड्यूअल ब्रेविस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए टीम को गति देने का प्रयास किया, लेकिन 22वें ओवर में हर्षित राणा ने उन्हें भी आउट कर साउथ अफ्रीका को बड़ा झटका दिया। ब्रेविस ने 37 रन की पारी खेली।

इसके बाद जानसेन और ब्रिट्जके ने पारी को मजबूती देते हुए 97 रनों की शानदार साझेदारी की। जानसेन ने मात्र 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर धमाकेदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया। लेकिन 33वें ओवर में कुलदीप यादव ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए जानसेन को 70 रनों पर पवेलियन भेज दिया। जानसेन ने 39 गेंदों की अपनी तूफानी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। इसी ओवर में कुलदीप ने ब्रिट्जके को भी आउट करते हुए भारत को बड़ी सफलता दिलाई। ब्रिट्जके ने 72 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके बाद 40वें ओवर में कुलदीप ने सुब्रायन को 17 रनों पर निपटाया और साउथ अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया।

हालांकि इसके बाद बर्गर और बोस ने टीम को अंत तक मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की और उपयोगी साझेदारी की। लेकिन 47वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने बर्गर का विकेट लेकर मैच भारत की ओर मोड़ दिया। अंतिम ओवर में साउथ अफ्रीका को 18 रनों की जरूरत थी, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने बोस को आउट कर भारत को निर्णायक जीत दिला दी। इसी के साथ साउथ अफ्रीका की टीम 332 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

भारतीय बल्लेबाजों का दमखम: कोहली की शतकीय पारी ने जमाया रंग

पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीदों के अनुसार नहीं रही। चौथे ओवर में यशस्वी जायसवाल 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसी ओवर में रोहित शर्मा भी एक बार जीवनदान पाकर बच निकले। इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने मिलकर भारतीय पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की तथा 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 80 के पार पहुंचा दिया। 14वें ओवर तक भारत ने 100 का आंकड़ा भी छू लिया। विराट कोहली ने मात्र 39 गेंदों में छक्के के साथ अपनी अर्धशतकीय पारी पूरी की, जबकि रोहित शर्मा ने 43 गेंदों में फिफ्टी ठोकी। दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी भी देखने को मिली। इसी दौरान रोहित शर्मा ने शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।

रोहित और कोहली के बीच 136 रनों की शानदार साझेदारी ने भारत की पारी को मजबूती दी। हालांकि 22वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा जब रोहित शर्मा 51 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े। 27वें ओवर में तीसरे विकेट के रूप में ऋतुराज 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे, वहीं 31वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर भी 13 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने पारी को आगे बढ़ाते हुए 38वें ओवर में अपना शतक पूरा किया। कोहली ने 102 गेंदों में सेंचुरी बनाई और अंत में 120 गेंदों पर 11 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 135 रन की शानदार पारी खेली। उनका विकेट नांद्रे बर्गर ने लिया। केएल राहुल ने भी 60 रनों का योगदान दिया और इन महत्वपूर्ण पारियों के दम पर भारत ने 350 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।

रांची वनडे में भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा

दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्ज़के, टोनी डी ज़ोरज़ी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, प्रेनेलन सुब्रायन, नांद्रे बर्गर, ओटनील बार्टमैन.

भारत-साउथ अफ्रीका (H2H)

कुल ओडीआई मैच: 95
भारत ने जीते: 41
साउथ अफ्रीका ने जीते: 51
बेनतीजा: 3

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here